झारखंड के बोकारो में ट्रिपल मर्डर, सनकी पड़ोसी ने बुजुर्ग दंपति और बहू की कुल्हाड़ी से की हत्या

Published on 5 अग॰ 2026

Bokaro Triple Murder: झारखंड के बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र स्थित कुकुरलीलवा गांव में सोमवार को हुई ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया. एक पड़ोसी युवक ने मामूली विवाद के बाद बुजुर्ग दंपति और उनकी बहू पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. इस हमले में तीनों की मौत हो गई. घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान राजू सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उसका पड़ोसी जानकी महतो और उनके परिवार से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद के बाद गुस्से में आए आरोपी ने धारदार कुल्हाड़ी से जानकी महतो और उनकी पत्नी सुगिया देवी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

तीन लोगों को कुल्हाड़ी से काटा

हमले के दौरान जानकी महतो की बहू गौरी देवी बीच-बचाव के लिए आगे आई, लेकिन आरोपी ने उस पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया. गंभीर रूप से घायल गौरी देवी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. इस तरह एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई.

घटना की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी राजू सिंह को गिरफ्तार कर लिया. हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है. तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

जमीन विवाद में हैवान बना पड़ोसी

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ फोरेंसिक जांच भी शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में स्थानीय लोगों ने दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद होने की बात कही है. हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है.

इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

अशोक कुमार

अशोक कुमार

अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.

Read More

google button