ऊना अस्पताल को दो एंबुलेंस, स्वास्थ्य सेवाओं को मिली रफ्तार

Published on 3 अग॰ 2026

ऊना अस्पताल को दो एंबुलेंस, स्वास्थ्य सेवाओं को मिली रफ्तार

August 3, 2026

ऊना अस्पताल को दो एंबुलेंस, स्वास्थ्य सेवाओं को मिली रफ्तार

Two ambulances for Una Hospital : शिमला। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुलभ और जनोन्मुखी बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए। उन्होंने अस्पताल में हाल के वर्षों में हुए विकास और मरम्मत कार्यों तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा भी की।

ऊना अस्पताल को दो नई एंबुलेंस

उपमुख्यमंत्री ने डीसी ऊना को क्षेत्रीय अस्पताल के लिए दो फुली लोडेड एंबुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में आवश्यक कार्यों को बिना विलंब पूरा करने के लिए आरकेएस के विभिन्न मदों के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं चिकित्सा अधीक्षक को पांच लाख रुपये तक तत्काल व्यय करने की अनुमति प्रदान की। वहीं अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के लिए 15 लाख रुपये तक की राशि पूर्व स्वीकृति के बिना व्यय करने की अनुमति भी दी, ताकि आवश्यक कार्य फाइल संबंधी औपचारिकताओं के कारण लंबित न रहें।

एंबुलेंस व्यवस्था होगी सुव्यवस्थित

अस्पताल परिसर में सरकारी एवं निजी एंबुलेंसों के संचालन, पार्किंग तथा अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए पुलिस अधीक्षक ऊना की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने के निर्देश दिए गए। समिति अस्पताल प्रबंधन, परिवहन एवं अन्य संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श कर अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर आगे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में ऊना से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर होने वाले मरीजों के लिए एंबुलेंस किराये में मामूली बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को किराये में 500 रुपये तक की रियायत देने के अधिकार भी प्रदान किए गए। जरूरतमंद मरीजों को सीटी स्कैन जैसी जांचों के लिए भी आरकेएस के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

आरकेएस कर्मचारियों का मानदेय बढ़ा

उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल में चौकीदार एवं सेवादारों के रिक्त पदों को मल्टीपरपज वर्करों के माध्यम से समायोजित करने की दिशा में शीघ्र कार्रवाई की बात कही। उन्होंने आरकेएस के तहत कार्यरत कर्मचारियों के मानदेय में तीन हजार रुपये की वृद्धि करने के निर्देश भी दिए। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के आरकेएस के आय-व्यय का एक्स-पोस्ट फैक्टो अनुमोदन प्रदान किया गया, जिसमें लगभग 2.59 करोड़ रुपये की आय तथा 1.87 करोड़ रुपये के व्यय को स्वीकृति दी गई। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 4.25 करोड़ रुपये की अनुमानित आय तथा 3.28 करोड़ रुपये के अनुमानित व्यय के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई।