'मेरा करियर खत्म था...', भोजपुरी स्टार निरहुआ आम्रपाली दुबे को मानते हैं लकी, बोले- 'मुझे नई जिंदगी दी'

Published on 3 अग॰ 2026

Bhojpuri Bawaal Grand Premiere: भोजपुरी सिनेमा के मच अवेटेड रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' का आखिरकार ग्रैंड प्रीमियर शुरू हो चुका है. जी हां, ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर 2 अगस्त की रात 9 बजे से स्ट्रीम हुए इस शो का दर्शकों को लंबे समय से इंतजार था. शो की शुरुआत होते ही इसमें भोजपुरी इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे एक ही मंच पर नजर आए. पवन सिंह, दिनेश लाल यादव 'निरहुआ', आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी, पाखी हेगड़े और तेज प्रताप यादव जैसे चर्चित चेहरे शो में शामिल हुए और उन्होंने अपनी जिंदगी, करियर और रिश्तों से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए. इनमें हंसी-मजाक, भावुक पल और कई अनसुने किस्से देखने को मिले. तो चलिए जानते हैं ग्रैंड प्रीमियर की बड़ी बातें.

पवन सिंह की दमदार आवाज से हुई शुरुआत

'भोजपुरी बवाल' की शुरुआत भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह की दमदार आवाज से हुई. उन्होंने भोजपुरी भाषा, संस्कृति और उसकी विरासत के बारे में बात करते हुए बताया कि किस तरह भोजपुरी आज दुनिया के कई देशों तक अपनी पहचान बना चुकी है. उनके इस इंट्रो ने शो की शुरुआत को बेहद खास बना दिया.

आम्रपाली दुबे ने बताया पवन सिंह का निकनेम

शो के शुरुआती सेगमेंट में आम्रपाली दुबे ने पवन सिंह को लेकर एक मजेदार खुलासा किया. उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री में उनका निकनेम 'हलुमान' है. ये सुनकर मंच पर मौजूद सभी कलाकार हंस पड़े और माहौल हल्का-फुल्का हो गया. इसके बाद आम्रपाली ने एक और दिलचस्प बात बताई. उन्होंने कहा कि जिस फिल्म में पवन सिंह के किरदार का नाम 'राजा' होता है, वो फिल्म अक्सर सुपरहिट साबित होती है. इस बात पर भी सभी ने खूब तालियां बजाईं.

निरहुआ और पाखी हेगड़े ने की पवन सिंह की तारीफ

दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' ने कहा कि पवन सिंह ऐसे इंसान हैं जो किसी की मदद करने से कभी पीछे नहीं हटते. जरूरत पड़ने पर वो हमेशा अपने साथियों के साथ खड़े रहते हैं. वहीं एक्ट्रेस पाखी हेगड़े ने कहा कि "पवन सिंह के बिना भोजपुरी इंडस्ट्री अधूरी है." निरहुआ ने भी उनकी तारीफ करते हुए कहा कि पवन सिंह भोजपुरी सिनेमा की सबसे बड़ी धरोहर हैं.

पवन सिंह के विवादों और पत्थरबाजी की घटना 

शो में पवन सिंह की प्रोफेशनल अचीवमेंट्स के साथ-साथ उनकी निजी जिंदगी से जुड़े विवादों का भी जिक्र किया गया. उनके इंट्रोडक्शन के दौरान पुराने विवादों और संघर्षों को दिखाया गया. इसी दौरान उस चर्चित स्टेज शो का वीडियो भी दिखाया गया, जिसमें प्रदर्शन के दौरान किसी ने उन पर पत्थर फेंक दिया था. वीडियो में पवन सिंह पूरे आत्मविश्वास के साथ भीड़ का सामना करते हुए नजर आए. ये क्लिप देखकर दर्शकों ने भी उनकी हिम्मत की तारीफ की.

तेज प्रताप यादव की हुई एंट्री

इसके बाद शो में तेज प्रताप यादव की एंट्री हुई. पाखी हेगड़े ने उनकी तुलना भगवान श्रीकृष्ण से करते हुए कहा कि उनमें अलग ही ऊर्जा देखने को मिलती है. निरहुआ ने मजाकिया अंदाज में कहा, "मैंने ऐसा नेता नहीं देखा. उन्हें देखकर मुझे हमेशा हंसी आ जाती है." बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि वह पायलट बनना चाहते थे. उन्होंने कहा, "मैंने पायलट की ट्रेनिंग शुरू कर दी थी, लेकिन परिवार की जिम्मेदारियों और सम्मान की वजह से राजनीति में आना पड़ा. इसी कारण मुझे अपना कोर्स बीच में ही छोड़ना पड़ा."

निरहुआ की शानदार एंट्री

शो में निरहुआ की एंट्री उनके सुपरहिट गाने 'निरहुआ ना ह' के साथ हुई. उन्होंने लाइव परफॉर्मेंस देकर दर्शकों का दिल जीत लिया. इसके बाद आम्रपाली दुबे ने निरहुआ की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा, "बहुत कम कलाकार ऐसे होते हैं जिन्हें लोग उनके पहले किरदार के नाम से हमेशा याद रखते हैं. निरहुआ बेहद प्यारे इंसान हैं."

पहली मुलाकात का सुनाया मजेदार किस्सा

आम्रपाली दुबे ने निरहुआ के साथ अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए कहा, "मैंने जब पहली बार उन्हें देखा तो सोचा कि इतना दुबला-पतला और छोटा सा इंसान आखिर सुपरस्टार कैसे हो सकता है. लेकिन जब मैं अपनी पहली फिल्म के प्रमोशन पर गई तो वहां हजारों लोगों की भीड़ उन्हें देखने के लिए छतों और बाइकों पर चढ़ी हुई थी. तभी मुझे उनकी पॉपुलेरिटी का अंदाजा हुआ."

35 से ज्यादा फिल्मों की सुपरहिट जोड़ी

आम्रपाली ने बताया कि उन्होंने निरहुआ के साथ करीब 35 से 38 फिल्मों में काम किया है. उन्होंने कहा, "मैं खुद को बहुत लकी मानती हूं कि मुझे उनके साथ इतने लंबे समय तक काम करने का मौका मिला. अब वो मेरे लिए सिर्फ को-एक्टर नहीं बल्कि परिवार के सदस्य जैसे हैं." वहीं निरहुआ ने भी आम्रपाली को अपनी सफलता का बड़ा कारण बताया. उन्होंने कहा, "2014 के आसपास मेरा करियर लगभग खत्म होने की स्थिति में पहुंच गया था. लेकिन आम्रपाली के साथ काम करने के बाद हमने लगातार कई सुपरहिट फिल्में दीं. उन्होंने मुझे नया जीवन दिया."

ये भी पढ़ें: 'खतरों के खिलाड़ी' फेम एक्ट्रेस संग पति ने की मारपीट, दो साल पहले की थी सीक्रेट शादी, अब घरेलू हिंसा का केस दर्ज