Sawan First Monday: कल सावन का पहला सोमवार है और अगर आप भी कल व्रत रख रहे हैं तो यहां हम आपको प्रसाद और व्रत के लिए बनने वाली एक आसान मिठाई की रेसिपी बता रहे हैं. व्रत और त्योहार के लिए बाजार में मिलने वाली खोया की बर्फी या काजू कतली जैली मिठाइयां न सिर्फ महंगी होती हैं, बल्कि उनमें मिलावट का डर भी बना रहता है.
अगर आप भी बिना किसी झंझट के घर पर ही झटपट कोई स्वादिष्ट मिठाई बनाना चाहते हैं तो मूंगफली की बर्फी एक बेहतरीन विकल्प है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको न तो घंटों दूध उबालने की जरूरत है और न ही महंगे खोए की. सिर्फ मूंगफली, चीनी और थोड़े से मेवे से यह इतनी शानदार और क्रीमी बनती है कि इसके आगे काजू कतली भी फेल हो जाएगी. आइए जानते हैं इसे बनाने की बहुत ही आसान विधि.
आवश्यक सामग्री:
कच्ची मूंगफली - 2 कप
सम्बंधित ख़बरें
चीनी - 1 कप
पानी - आधा कप (चाशनी के लिए)
मिल्क पाउडर (वैकल्पिक, मावे जैसा स्वाद देने के लिए) - 3-4 बड़े चम्मच
देशी घी - 2 बड़े चम्मच
इलायची पाउडर - आधा छोटा चम्मच
कटे हुए ड्राई फ्रूट्स (पिस्ता या बादाम) - सजावट के लिए
बनाने की विधि
मूंगफली भूनें और उसका छिलका उतार लें
सबसे पहले एक पैन या कढ़ाई में मूंगफली को मध्यम आंच पर तब तक भूनें जब तक कि उसके छिलके आसानी से अलग होने लगें.
इसके बाद मूंगफली को पूरी तरह ठंडा होने दें और हाथों से मसलकर या साफ कपड़े पर रगड़कर सारे छिलके उतार लें.
फाइन पाउडर बनाएं
छिलके छिले हुए दानों को मिक्सी के जार में डालें. ध्यान रखें कि मिक्सी को लगातार न चलाएं, बल्कि पल्स मोड (रुक-रुक कर) पर चलाएं ताकि मूंगफली अपना तेल न छोड़े. इसे छानकर एक बारीक पाउडर तैयार कर लें.
चाशनी तैयार करें
एक कढ़ाई में 1 कप चीनी और आधा कप पानी डालकर गैस पर रखें. चीनी घुलने के बाद इसे तब तक पकाएं जब तक कि एक तार की चाशनी न बन जाए.
मिश्रण मिलाएं
जब चाशनी तैयार हो जाए, तब गैस की आंच को बिल्कुल धीमा कर दें. अब इसमें धीरे-धीरे पिसा हुआ मूंगफली का पाउडर और मिल्क पाउडर मिलाते जाएं, ताकि गांठें न पड़ें.
मिश्रण को लगातार चलाते रहें ताकि वह कढ़ाई के तले से न चिपके.
घी और इलायची मिलाएं
अब इसमें 2 बड़े चम्मच देशी घी और इलायची पाउडर डालें. घी डालने से बर्फी में शानदार शाइन और सॉफ्टनेस आती है.
मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक कि यह कढ़ाई छोड़ने लगे और एक डो (चिकने आटे) के फॉर्म में आ जाए.
बर्फी जमाएं
एक थाली या ट्रे पर थोड़ा सा घी लगाकर उसे चिकना कर लें. तैयार मिश्रण को उसमें डालकर बराबर फैला दें.
ऊपर से कटे हुए पिस्ता या बादाम डालकर हल्के हाथों से दबा दें. इसे 1 से 2 घंटे के लिए सेट होने के लिए रख दें और फिर अपनी मनपसंद आकार (चौकोर या डायमंड शेप) में काट लें.
---- समाप्त ----