सीकर के दांतारामगढ़ पुलिस थाना इलाके में 27 जुलाई को हिस्ट्रीशीटर बनवारीलाल के मर्डर के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मर्डर से एक दिन पहले मोबाइल पर हिस्ट्रीशीटर और आरोपियों की कहासुनी भी हुई थी।
.
दोनों आरोपियों को सीकर के एससी-एसटी कोर्ट में पेश करके 2 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। जमीनी विवाद के चलते यह मर्डर हुआ था। फिलहाल पुलिस इस मामले में अब अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
मामले के इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर DYSP राजेश कुमार जांगिड़ ने बताया कि मामले में 2 आरोपी जयपाल गोस्वामी(35) पुत्र लादुपुरी निवासी पचार और नरेंद्र पुरी गोस्वामी (26) पुत्र सीताराम गोस्वामी निवासी पचार को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी जयपाल और नरेंद्र।
परिचित से रुपए लेकर गांव आ रहा था बनवारीलाल
इस संबंध में दांतारामगढ़ पुलिस थाने के हिस्ट्रीशीटर बनवारीलाल के भाई सोहनलाल ने मुकदमा दर्ज करवाया था कि बनवारीलाल 27 जुलाई की रात अर्ली मॉर्निंग बाइक से किशनगढ़ रेनवाल से किसी परिचित से रुपए लेकर गांव आ रहा था। उसके साथ गांव का वीरेंद्र मीणा भी था। जैसे ही वे गांव की तरफ पहुंचे तो पीछे से दो कैंपर गाड़ी आई। उन्होंने गाड़ियों को बाइक के आगे लगा दिया।
इसके बाद गाड़ी में से नरेंद्र गोस्वामी, शंकर, सूरज, जयपाल, महेश, रामनिवास, मालीराम, गणपत, मुकेश, गजेंद्र, अशोक, महेंद्र, महेश, महेंद्र कुमार मीणा, रमेश के अलावा 5 से 7 लोग नीचे उतरे। इनके पास पिस्टल सहित अन्य हथियार थे। उन्होंने बनवारीलाल पर जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद उसे कैंपर गाड़ी में डालकर खाटू की तरफ ले गए। साथी वीरेंद्र ने इसकी सूचना बनवारीलाल के परिवार को दी।

मृतक हिस्ट्रीशीटर बनवारीलाल(फाइल फोटो)
आरोपियों से एक दिन पहले हुई थी कहासुनी
जब परिवार बनवारीलाल को तलाश करते हुए चारणवास नाडा की सड़क की तरफ पहुंचा तो वहां भाई गंभीर हालत में घायल पड़ा था। जिसे पहले इलाज के लिए खाचरियावास हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां स्टाफ नहीं होने की वजह से उसे सीकर रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार दोपहर को उसकी मौत हो गई थी।
मामला दर्ज होने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इस दौरान मामले में कई लोगों को डिटेन किया गया। इसके बाद अब मामले में जयपाल और नरेंद्र को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
जमीनी विवाद के चलते हिस्ट्रीशीटर बनवारीलाल और आरोपियों के बीच एक दिन पहले फोन पर भी हॉटटॉक हुई थी। जब बनवारीलाल रेनवाल से आ रहा था। इसी दौरान बॉर्डर पर आरोपियों ने बनवारीलाल पर हमला किया। इसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।