टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक
July 28, 2026

Health Department review meeting on vaccination : मंडी। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पीलिया, स्क्रब टायफस तथा एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
स्क्रब टाइफस से कैसे करें बचाव
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ दिनेश ठाकुर ने बताया कि स्क्रब टाइफस एक जीवाणु जनित रोग है, जो संक्रमित माइट (चिगर) के काटने से फैलता है। इसके लक्षणों में तेज बुखार, शरीर व जोड़ों में दर्द, कंपकंपी, शरीर में अकड़न तथा गंभीर स्थिति में शरीर के विभिन्न हिस्सों में गिल्टियां आना शामिल हैं। उन्होंने बताया कि खेतों, झाड़ियों अथवा घास वाले क्षेत्रों में कार्य करते समय पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें, कार्य के बाद स्नान करें, आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तथा बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में जांच करवाएं। स्क्रब टाइफस की जांच एवं उपचार सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क उपलब्ध है।
हेपेटाइटिस-ए के लक्षण एवं बचाव
उन्होंने बताया कि हेपेटाइटिस-ए दूषित पानी एवं दूषित भोजन के सेवन से फैलने वाला रोग है। इसके प्रमुख लक्षणों में आंखों एवं त्वचा का पीला पड़ना, बुखार, भूख न लगना, उल्टी, गहरे रंग का पेशाब, अत्यधिक कमजोरी तथा पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द शामिल हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने लोगों से अपील की कि पीने के पानी को कम से कम 15 मिनट तक बुलबुले आने तक उबालकर ही उपयोग करें। भोजन बनाने और खाने से पहले तथा शौच के बाद हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोएं। ताजा एवं ढका हुआ भोजन ही खाएं तथा खुले में रखे खाद्य पदार्थों, कटे हुए फलों और दूषित पानी के सेवन से बचें। जल स्रोतों को स्वच्छ रखें और खुले में शौच न करें।
एचपीवी टीकाकरण 42 प्रतिशत लक्ष्य पूरा
एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिला मंडी में अब तक 42 प्रतिशत पात्र बालिकाओं का टीकाकरण पूरा हो चुका है। उपायुक्त ने शेष पात्र बालिकाओं का शीघ्र टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन बच्चेदानी के मुंह (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है तथा यह टीका जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने अभिभावकों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।