Published: Friday, July 31, 2026, 18:20 [IST]
PM Kisan Yojana Extended: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को लेकर एक बड़ा अपडेट आया है। देश के करोड़ों किसानों को केंद्र सरकार ने बड़ी राहत देने का ऐलान किया है। केंद्रीय कैबिनेट ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना (PM KISAN) को अगले पांच सालों तक बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। अब यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक लागू रहेगी। इसके लिए सरकार ने 3.15 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट तय किया है।
इस फैसले के बाद पात्र किसानों को पहले की तरह हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिलती रहेगी। सरकार का कहना है कि यह मदद किसानों को खेती के जरूरी खर्च पूरे करने और कर्ज पर निर्भरता कम करने में मददगार होगी। कैबिनेट के इस फैसले को छोटे और सीमांत किसानों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को 2030-31 तक बढ़ा दिया गया है। इसके लिए 3,15,614 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे पात्र किसानों को पहले की तरह नियमित आर्थिक सहायता मिलती रहेगी।
ये भी पढ़ें: क्या आपने भी किया था पीएम आवास योजना में आवेदन? सितंबर से शुरू होने जा रहा है फ्लैट्स का आवंटन
हर साल किसानों को मिलते हैं 6,000 रुपये
PM Kisan योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की सहायता दी जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजी जाती है। किस्तें फसल चक्र के अनुसार जारी की जाती हैं ताकि बुआई और खेती की तैयारी के समय किसानों को समय पर पैसा मिल सके। सरकार का कहना है कि इस योजना से किसानों को बीज, खाद, कीटनाशक और अन्य कृषि सामग्री खरीदने में मदद मिलती है। समय पर पैसा मिलने से किसानों की नकदी की समस्या कम होती है और उन्हें ऊंचे ब्याज पर कर्ज लेने की जरूरत भी कम पड़ती है।
23वीं किस्त हो चुकी है जारी, 24वीं किस्त कब आएगी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान PM-Kisan योजना की 23वीं किस्त जारी की थी। इस कार्यक्रम का आयोजन कृषि मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल सरकार के सहयोग से किया था। उम्मीद जताई जा रही है कि 24वीं किस्त अक्टूबर में जारी की जा सकती है।
ये भी पढ़ें: PM Kisan Yojana: 24वीं किस्त से पहले पीएम किसान योजना के लिए कैसे करें नए आवेदन? ये रहा स्टेप-बाय-बाय प्रोसेस