PM Kisan 24 Kist Date: पीएम किसान की 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के लिए बड़ा अपडेट है। उनके खाते में 2,000 रुपए जल्द ही ट्रांसफर हो सकते हैं। जानिए अपडेट्स
PM Kisan 24th Installment Date: देशभर के करोड़ों किसानों के लिए केंद्र सरकार की तरफ से राहत भरी खबर सामने आ रही है। अगर आप भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त का इंतजार कर रहे हैं, तो आपका इंतजार अब जल्द ही खत्म होने जा रहा है। 23वीं किस्त 20 जून 2026 को जारी की गई थी, जिसके तहत 9.44 करोड़ से ज्यादा किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपए से ज्यादा ट्रांसफर किए गए थे। चूंकि ये योजना हर चार महीने के चक्र पर चलती है, इसलिए 24वीं किस्त के 2,000 रुपए अक्टूबर 2026 में भेजे जाने की पूरी उम्मीद है। हालांकि, सरकार ने अभी किसी खास तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन तैयारी पूरी हो चुकी है। आइए जानते हैं जरूरी अपडेट्स...
पीएम किसान योजना में कितना पैसा आता है और कैसे?
पीएम-किसान योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को सरकार की तरफ से हर साल कुल 6,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। ये रकम सालभर में तीन बराबर किस्तों (2,000-2,000 रुपए) में बांटी जाती है। सारा पैसा किसान के बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजा जाता है।
PM किसान 24वीं किस्त का फायदा किन किसानों को मिलेगा और किन्हें नहीं?
- वे सभी किसान परिवार जिनके नाम पर खेती योग्य जमीन दर्ज है, वे इस योजना के हकदार हैं।
- संस्थागत जमीन मालिक, सरकारी नौकरी करने वाले या पेंशनभोगी, संवैधानिक पदों पर बैठे लोग, इनकम टैक्स भरने वाले, डॉक्टर, इंजीनियर, सीए और वकील जैसे पेशेवर इस योजना के दायरे में नहीं आते हैं।
पीएम किसान का पैसा आने से पहले निपटा लें ये जरूरी काम
- पोर्टल पर OTP या बायोमेट्रिक के जरिए ई-केवाईसी पूरी होनी चाहिए।
- आपकी जमीन का विवरण सरकारी रिकॉर्ड में सही-सही दर्ज और वेरीफाइड होना चाहिए।
- बैंक खाते में डीबीटी चालू होना चाहिए और पहचान सत्यापन पूरी तरह सही होना चाहिए।
पीएम किसान स्टेटस कैसे चेक करें?
- सबसे पहले योजना के आधिकारिक पोर्टल pmkisan.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर दिए गए 'Know Your Status' विकल्प पर क्लिक करें।
- अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें और कैप्चा कोड भरकर सबमिट करें।
- स्क्रीन पर दिख जाएगा कि आपकी ई-केवाईसी, जमीन का वेरिफिकेशन और बैंक खाता सही है या उसमें कोई सुधार बाकी है।