PM House Protest: राहुल गांधी समेत कांग्रेस सांसदों का PM आवास पर हल्ला बोल, मांग लिया इस्तीफा

Published on 21 जुल॰ 2026

Time Published: Tuesday, July 21, 2026, 17:08 [IST]

Rahul Gandhi PM House Protest: नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर बड़ा विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सांसदों ने सरकार को घेरा।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश का शिक्षा तंत्र पूरी तरह टूट चुका है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने छात्रों से माफी मांगने, पुलिस कार्रवाई पर जवाब देने और शिक्षा मंत्री के साथ गृह मंत्री के इस्तीफे की भी मांग की।

Rahul Gandhi PM House Protest

राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि पूरा देश जानता है कि शिक्षा व्यवस्था संकट में है, लेकिन सरकार इसे स्वीकार करने को तैयार नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि आखिर इस गंभीर मुद्दे पर उनकी चुप्पी क्यों है। राहुल ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामले में सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए और प्रधानमंत्री को देश के छात्रों से माफी मांगनी चाहिए।

ये भी पढ़ें: 'अमित शाह ने छात्रों को पिटवाया', गृहमंत्री पर राहुल गांधी ने लगाए गंभीर आरोप, PM मोदी पर भी कही बड़ी बात

स्पीकर से मुलाकात, फिर अस्पताल पहुंचे राहुल

विरोध प्रदर्शन से पहले राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर संसद में नीट पेपर लीक पर चर्चा कराने की मांग की। इसके बाद वह प्रियंका गांधी के साथ आरएमएल अस्पताल पहुंचे, जहां पुलिस कार्रवाई में घायल हुए प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। राहुल ने घायलों का हालचाल जाना और कहा कि छात्रों की आवाज दबाने की बजाय उनकी बात सुनी जानी चाहिए।

धर्मेंद्र प्रधान के साथ गृह मंत्री पर भी निशाना

राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए, लेकिन छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के लिए गृह मंत्री भी जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की सख्ती गृह मंत्रालय के अधीन आती है, इसलिए गृह मंत्री को भी पद छोड़ना चाहिए। राहुल ने कहा कि गृह मंत्री प्रधानमंत्री को रिपोर्ट करते हैं, इसलिए इस पूरे मामले की जवाबदेही शीर्ष स्तर पर तय होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें: 'आपकी चुप्पी मंजूर नहीं', राम मंदिर चंदा चोरी पर राहुल गांधी ने PM मोदी पर उठाए सवाल, SC तक पहुंची बात

जंतर-मंतर से पीएम आवास तक सियासी संग्राम

नीट पेपर लीक और छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर जंतर-मंतर पर लगातार प्रदर्शन जारी है। एक दिन पहले प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प तथा पत्थरबाजी की घटना के बाद राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार संसद में इस मुद्दे पर चर्चा से बच रही है। पार्टी ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मामले में सरकार को जवाब देना होगा और जिम्मेदारी स्वीकार करनी होगी।