दुनिया
- Edited by: पूजा कुमारी
- Updated Aug 18, 2026, 06:16 AM IST
इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र में प्रधानमंत्री मसरूर बरजानी के कार्यालय और कुर्द खुफिया एजेंसी परास्तीन प्रमुख के आवास पर ड्रोन हमले का आरोप लगा है। कुर्दिस्तान सरकार ने इसके लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया, जबकि तेहरान ने आरोप खारिज किए हैं।
![]()
कुर्दिस्तान PM के कार्यालय और खुफिया प्रमुख के घर पर ड्रोन हमले का आरोप
इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार (KRG) ने ईरान पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उसने कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रधानमंत्री मसरूर बरजानी (Masrour Barzani) के निजी कार्यालय और कुर्द खुफिया एजेंसी 'परास्तीन' (Parastin) प्रमुख के आवास पर ड्रोन हमले किए हैं। इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, और न ही किसी संगठन या पक्ष ने तत्काल इसकी जिम्मेदारी ली है। हालांकि ईरान ने इन आरोपों को खारिज किया है।
बरजानी ने बताया गंभीर हमला
कुर्दिस्तान के प्रधानमंत्री मसरूर बरजानी ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने इसे "लापरवाह और अस्वीकार्य हमला" बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए गंभीर खतरा है। बरजानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा कि कुर्दिस्तान के आतंकवाद-रोधी निदेशालय की जांच और उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह पुष्टि हुई है कि उनके निजी कार्यालय और परास्तीन एजेंसी के प्रमुख के आवास पर ईरानी ड्रोन से हमला किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले कुर्दिस्तान को अपने कर्तव्यों और नागरिकों की सुरक्षा से पीछे हटने के लिए मजबूर नहीं कर सकते।
ईरान ने आरोपों को किया खारिज
वहीं, ईरान ने हमले में शामिल होने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने एरबिल में बरजानी के दफ्तर पर हुए इस कथित ड्रोन हमले को ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच एक "बेहद संदिग्ध घटनाक्रम" बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर सावधानी से जांच की जानी चाहिए। ईरानी प्रवक्ता ने हमले की निंदा करते हुए इसे "फॉल्स फ्लैग" ऑपरेशन होने की संभावना भी जताई। फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन से आशय ऐसी कार्रवाई से है जिसमें किसी हमले के पीछे किसी दूसरे पक्ष का हाथ दिखाने की कोशिश की जाती है, ताकि राजनीतिक या सैन्य लाभ हासिल किया जा सके।
ईरान ने संबंध खराब करने की साजिश का लगाया आरोप
बघाई ने दावा किया कि इराकी अधिकारियों ने पहले भी कुछ विदेशी ताकतों से जुड़े ऐसे आतंकी मॉड्यूल का खुलासा किया है जो कथित तौर पर फॉल्स फ्लैग हमलों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने में शामिल थे। ईरानी प्रवक्ता ने इस घटना की निष्पक्ष और सतर्कता से जांच करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने ईरान और इराक के दुश्मनों द्वारा दोनों देशों के बीच संबंधों को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ चेतावनी दी। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने यह भी कहा कि ईरान कुर्दिस्तान क्षेत्र के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखने और उन्हें मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
![]()
पूजा कुमारीauthor
पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- World
End of Article