कुत्तों के काटने से बुजुर्गों की मौत पर PHRC सख्त: आवारा कुत्तों ने 2 बुजुर्गों की ली जान; लुधियाना-अमृतसर के DC से रिपोर्ट तलब - Ludhiana News

Published on 21 जुल॰ 2026

पंजाब में आवारा कुत्तों के काटने से 2 बुजुर्गों की की मौत पर पंजाब ह्यूमन राइट कमिशन (PHRC) ने सख्त रूख अपना लिया है। कमिशन ने लुधियाना के जगराओं और अमृतसर के इस्लामाबाद इलाके में हुई 2 घटनाओं पर संबंधित जिलों के डिप्टी कमिश्नरों से रिपोर्ट तलब कर दी

.

कमिशन ने इस मुद्दे पर शू-मोटो लेकर कार्रवाई की है। कमिशन के सदस्य जस्टिस गुरबीर सिंह और जतिंदर सिंह शंटी की पीठ ने इसे मानवाधिकारों का सीधा उल्लंघन माना है। आयोग ने संबंधित जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों और नगर निकायों को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।

ह्यूमन राइट कमिशन ने अपने आदेश में क्या कहा जानिए…

  • लुधियाना के जगराओं का मामला: आयोग ने लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर (DC) और नगर परिषद जगराओं के कार्यकारी अधिकारी (EO) को निर्देश दिया है कि वह मामले की जांच कर अपनी विस्तृत रिपोर्ट पेश करें। इस मामले में अगली सुनवाई 10 सितंबर, 2026 तय की गई है। अधिकारियों को सुनवाई की तारीख से एक सप्ताह पहले अपनी रिपोर्ट आयोग के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी।
  • अमृतसर मामला: अमृतसर के इस्लामाबाद इलाके में हुई घटना को मानवाधिकारों का स्पष्ट उल्लंघन मानते हुए आयोग ने डिप्टी कमिश्नर और नगर निगम कमिश्नर, अमृतसर को जवाबदेह ठहराया है। आयोग ने दोनों अधिकारियों को नोटिस जारी कर रिपोर्ट मांगी है। इस मामले की अगली सुनवाई 9 सितंबर, 2026 को होगी।

क्या था यह पूरा मामला जानिए ...

  • लुधियाना के जगराओं में पूर्व सरपंच की मौत: लुधियाना जिले के जगराओं के निकट स्थित गांव पब्बियां में एक पूर्व सरपंच पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। हमला इतना खौफनाक था कि कुत्तों ने उन्हें गंभीर रूप से नोच डाला, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में भारी दहशत और प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष है। इसी गांव में एक और व्यक्ति को भी कुछ दिन पहले कुत्तों ने काटा और उसकी भी मौत हो गई थी। गौरतलब है कि पूर्व सरपंच अपने खेतों में लगी मोटर के कमरे में था और आवारा कुत्तों ने उस पर वहीं हमला किया और उसकी पूरी टांग नोच युके थे।
  • CCTV में कैद अमृतसर का खौफनाक मंजर: दूसरी घटना अमृतसर शहर के इस्लामाबाद इलाके की 'चौकी वाली गली' की है। यहां 70 वर्ष के एक बुजुर्ग सड़क से गुजर रहे थे, तभी आवारा कुत्तों के झुंड ने उन पर अचानक हमला कर दिया। कुत्तों ने बुजुर्ग के शरीर पर कई जगह गहरे जख्म कर दिए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। यह पूरी वारदात वहां लगे एक स्थानीय CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित परिवार ने फिलहाल इस संबंध में कोई औपचारिक पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

लुधियाना में कुत्तों के काटने की 4 घटनाएं पढ़िए

  • जुलाई 2026: 15 दिन पहले पब्बियां गांव में बिहार के पूर्णिया जिले के मख्खनाहा निवासी 35 वर्षीय प्रवासी मजदूर रमेश मंडल की कुत्तों ने जान ले ली थी। रमेश स्थानीय किसान हरबंस सिंह के खेतों में धान की रोपाई के लिए आए हुए थे। रात के समय वे अपने साथी मजदूरों के साथ ट्यूबवेल के कमरे की छत पर सो रहे थे। देर रात मोबाइल पर फोन आने के कारण जब वे बात करते हुए नीचे खेतों की तरफ गए, तो पास की हड्डा-रोड़ी (पशुओं के शव फेंकने की जगह) के पास घूम रहे 12-13 आवारा कुत्तों ने उन्हें घेर लिया। कुत्तों ने उनके गले, चेहरे और शरीर को बुरी तरह नोच डाला था।
  • अप्रैल 2026: लुधियाना के माछीवाड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लुबानगढ़ गांव में एक संदिग्ध रेबीज संक्रमित कुत्ते का आतंक देखने को मिला। इस पागल कुत्ते ने गांव की 3 वर्षीय मासूम बच्ची मंदीप कौर पर उस समय हमला किया जब वह घर के बाहर खेल रही थी। कुत्ते ने बच्ची के चेहरे और सिर पर गहरे घाव कर दिए। इसके अलावा, उसे बचाने आए स्थानीय निवासी गुरमेल सिंह सहित गांव के कुल 6 लोगों को इस कुत्ते ने काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव में एंटी-रेबीज दवाइयों के साथ आपातकालीन कैंप लगाना पड़ा था।
  • अक्टूबर 2025: लुधियाना जिले के खन्ना शहर में आवारा कुत्तों ने एक के बाद एक कई इलाकों में सामूहिक हमला किया। आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट्स के अनुसार, खन्ना के सरकारी सिविल अस्पताल में बुधवार दोपहर से गुरुवार सुबह के बीच कुल 29 लोग कुत्ते के काटने के कारण भर्ती हुए, जिनमें अधिकांश संख्या छोटे बच्चों की थी। यह हमला अमलोह रोड, दशहरा मेला ग्राउंड, कृष्णा नगर और सब्जी मंडी जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में हुआ था।
  • दिसंबर 2025: लुधियाना के मॉडल ग्राम की गांधी कॉलोनी में एक ही आवारा कुत्ते ने सुबह की सैर पर निकले लोगों और राहगीरों पर अचानक हमला कर दिया। इस कुत्ते ने लगभग 10 लोगों को काटकर बुरी तरह लहूलुहान कर दिया, जिसमें दो बच्चे भी शामिल थे जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विपन मल्होत्रा के अनुसार, हमले के अगले ही दिन उस कुत्ते की मौत हो गई थी।