राजस्थान के बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र में एक युवक के पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से कथित संपर्क का मामला सामने आया है. पुलिस ने गोड़ू बज्जू निवासी 18 वर्षीय अनिल डेलू पुत्र महावीर विश्नोई को गिरफ्तार किया है. फिलहाल पुलिस आरोपी पूछताछ कर रही है. जल्द ही आरोपी से विभिन्न जांच एजेंसियां भी मामले में पूछताछ कर सकती हैं.
बज्जू थानाधिकारी चंद्रजीत सिंह को इंटेलीजेंस से मिली रिपोर्ट के आधार पर युवक को डिटेन कर पूछताछ की गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का पाकिस्तान के उजेर नामक व्यक्ति से संपर्क था, जिसे कथित तौर पर शहजाद भट्टी गुट से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार उजेर का नाम पहले भी अवैध हथियारों की तस्करी के मामलों में सामने आ चुका है.
फर्जी सिम से पाकिस्तानी उजेर से किया संपर्क
पुलिस का कहना है कि उजेर के कहने पर अनिल ने 17 जुलाई को अपने एक परिचित के नाम से फर्जी सिम कार्ड खरीदा और उस सिम पर प्राप्त ओटीपी उजेर के साथ साझा किया. आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले की आगे की जांच कोलायत थानाधिकारी जसवीर कुमार को सौंपी गई है. उन्होंने बताया कि आरोपी का मेडिकल करवाया गया है और अब उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी.
जांच एजेंसियां भी कर सकती हैं पूछताछ
पुलिस ने कहा है कि विभिन्न जांच एजेंसियां भी मामले में पूछताछ कर सकती हैं. फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है. आरोपी ने काफी कुछ बताया है, उसके पूरे नेटवर्क को ट्रैक करने की कोशिश की जा रही है. साथ ही पता लगाया जा रहा है कि उसके अलावा और कौन-कौन इस तरह का काम कर रहे हैं. फिलहाल सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
स्थानीय निवासियों ने जताई हैरानी
भारत-पाकिस्तान सीमावर्ती इलाके से जुड़े इस संवेदनशील मामले के सामने आने के बाद, स्थानीय निवासियों में हैरानी और चिंता का माहौल है. ग्रामीणों ने सुरक्षा एजेंसियों से गहन जांच की मांग की है. इस मामले और युवक की असल भूमिका के बारे में और जानकारी पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी.

ध्वज आर्य
राजस्थान में 2008 से पत्रकारिता के सफर की शुरुआत. 18 वर्षों के पत्रकारिता करियर में राजनीति, सामाजिक मुद्दे, विकास, अपराध और ग्राउंड रिपोर्टिंग पर काम. खबर की तह तक जाने, तथ्यों की पुष्टि करने और जटिल विषयों को सरल भाषा में जनता तक पहुंचाने में विशेषज्ञता. प्रिंट से डिजिटल मीडिया तक के बदलाव को करीब से देखा. प्रिंट ,डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्लेटफार्म पर काम का अनुभव. पत्रकारिता की शुरुआत के 10 साल क्राइम रिपोर्टिंग की. पूर्व में समाचार प्लस, इंडिया न्यूज, दैनिक भास्कर और अब नेशनल चैनल TV9 भारतवर्ष में राजस्थान ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी. इस सफर के दौरान ब्रेकिंग न्यूज से लेकर इन्वेस्टिगेशन स्टोरी के साथ कई बड़े खुलासे, कई बड़े चुनाव, आपदा, बड़े आंदोलनों की ग्राउंड ज़ीरो से कवरेज समेत भारत पाकिस्तान युद्ध (ऑपरेशन सिंदूर) को कवर किया. क्राइम की खबरों, बड़े राजनीतिक घटनाक्रम और युद्ध कवरेज में सबसे ज्यादा रूचि. मेरा मानना है कि खबर सिर्फ एक घटना नहीं है, उसके पीछे का सच भी है. पत्रकारिता का काम सत्ता पक्ष से सवाल पूछना और जनता की आवाज़ बनना है. निष्पक्षता, गति और सटीकता मेरी रिपोर्टिंग के तीन स्तंभ हैं.
Read More