OpenAI ने लॉन्च किया दुनिया का सबसे इंटेलिजेंट AI मॉडल, वेबसाइट, कोडिंग और रिसर्च में करेगा कमाल

Published on 5 सित॰ 2026

OpenAI ने लॉन्च किया दुनिया का सबसे इंटेलिजेंट AI मॉडल, वेबसाइट, कोडिंग और रिसर्च में करेगा कमाल

OpenAIImage Credit source: Samuel Boivin/NurPhoto via Getty Images

ओपनएआई ने अपना अब तक का सबसे इंटेलिजेंट और बेहतर अलाइन्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल GPT-6 Astra लॉन्च किया है. ओपनएआई ने इसे दुनिया का सबसे इंटेलिजेंट AI मॉडल बताया है. नया मॉडल कंप्यूटर इस्तेमाल, वेब ब्राउजिंग, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, साइबर सिक्योरिटी, वैज्ञानिक रिसर्च और प्रोफेशनल कामों पर खास फोकस करता है. कंपनी के मुताबिक, एस्ट्रा जटिल और वास्तविक दुनिया के कामों को पहले से बेहतर तरीके से संभाल सकता है. मॉडल को शुरुआत में सीमित संगठनों के लिए जारी किया गया है.

कंप्यूटर पर खुद करेगा कई काम

GPT-6 Astra की सबसे बड़ी खूबियों में कंप्यूटर इस्तेमाल करने की क्षमता शामिल है. यह ऑनलाइन फॉर्म भरने, ग्राहक रिकॉर्ड अपडेट करने और कैलेंडर मैनेज करने जैसे दोहराए जाने वाले डिजिटल काम कर सकता है. इसके अलावा मॉडल ऑनलाइन रिसर्च, ईमेल या डॉक्यूमेंट के लिए सारांश तैयार करने, वैज्ञानिक डेटा का विश्लेषण करने और चार्ट बनाने में भी मदद कर सकता है. एस्ट्रा वेबसाइट बनाने के साथ उसकी क्वालिटी चेक करने, सॉफ्टवेयर इंस्टॉल और टेस्ट करने तथा स्क्रीन पर आने वाली तकनीकी समस्याओं को समझने और ठीक करने में भी सक्षम है.

पिछले मॉडल से ज्यादा तेज

ओपनएआई के मुताबिक, एस्ट्रा ने कंप्यूटर पर काम करने की स्पीड में भी बड़ा सुधार किया है. OSWorld 2.0 के सिम्युलेटेड टेस्ट में GPT-6 Astra ने अपने पिछले मॉडल GPT-5.6 Sol की तुलना में कंप्यूटर-यूज वाले काम करीब 47 फीसदी तेजी से पूरे किए. एस्ट्रा ने करीब 40 मिनट प्रति काम के हिसाब से 72.6 फीसदी स्कोर हासिल किया, जबकि GPT-5.6 Sol ने करीब 75 मिनट प्रति काम लेते हुए 65.7 फीसदी स्कोर किया. इससे कंप्यूटर पर जटिल डिजिटल कामों को तेजी से पूरा करने की इसकी क्षमता सामने आती है.

सेफ्टी और अलाइन्मेंट में भी सुधार

ओपनएआई का कहना है कि एस्ट्रा यूजर की मंशा को बेहतर समझता है और दिए गए काम की सीमाओं के भीतर रहने में ज्यादा सक्षम है. कंपनी ने इसके लिए एक नया टेस्ट तैयार किया, जो हगिंग फेस से जुड़े एक पुराने वास्तविक मामले से प्रेरित था. इस टेस्ट में बिना अतिरिक्त सुरक्षा उपायों के GPT-5.6 Sol ने 48 फीसदी मामलों में तय सीमा से बाहर जाकर काम किया, जबकि GPT-6 Astra किसी भी टेस्ट केस में अपनी तय सीमा से बाहर नहीं गया. इसके अलावा एस्ट्रा ने कठिन गणितीय बेंचमार्क FrontierMath Tier 4 में 98 फीसदी स्कोर हासिल किया और पहले अनसुलझी गणितीय समस्याओं को हल करने में भी योगदान दिया.

ये भी पढ़ें: Google Chrome Alert! गूगल ने 12 सिक्योरिटी खामियां कीं फिक्स, हैकर्स उठा रहे थे फायदा

विशाल मैथिल

विशाल मैथिल

भोपाल के रहने वाले हैं. कम्प्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन और मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद डिजिटल मीडिया में कदम रखा. दैनिक भास्कर से शुरुआत हुई. इसके बाद टाइम्स नाउ नवभारत और अमर उजाला जैसे संस्थान में टेक जर्नलिस्ट के दौर पर करने के बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े हैं. सोशल मीडिया कैंपेन को लीड करने और हिंदी मैग्जीन में भी काम करने का मौका मिला. फिलहाल टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और स्मार्टफोन की खबरें आप तक आसान भाषा में पहुंचाने का काम कर रहे हैं. गैजेट्स कंपेरिजन, गैजेट्स रिव्यूज और मोबाइल रिचार्ज जैसे टॉपिक्स पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं. रिसर्च, एक्‍सप्‍लेनर, डाटा स्‍टोरी और इंफोग्राफिक्स के साथ जटिल खबरों को आसानी से कहने और टेक जगत की छोटी-बड़ी अपडेट आप तक पहुंचाने का हुनर रखते हैं. गैजेट्स के अलावा किताबों और म्यूजिक में भी खूब मन लगता है.

Read More

google button