
नो कॉस्ट ईएमआई और स्मार्टफोनImage Credit source: Magnific
अगर आप नया स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो आने वाले समय में फोन सस्ते हो सकते हैं. ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन (एआईएमआरए) ने सैमसंग, एपल, शाओमी, वीवो, ओप्पो और रियलमी जैसी कंपनियों से नो कॉस्ट ईएमआई स्कीम बंद करने की मांग की है. रिटेलर्स का कहना है कि इन स्कीमों की लागत पहले से ही फोन की कीमत में जोड़ दी जाती है, जिससे सभी ग्राहकों को ज्यादा कीमत चुकानी पड़ती है.
नो कॉस्ट ईएमआई पर क्यों उठे सवाल
इकोनॉमिक्स टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन ने सैमसंग, वीवो, एपल, शाओमी, ओप्पो और रियलमी जैसी कंपनियों को पत्र लिखकर नो कॉस्ट ईएमआई स्कीम पर दोबारा विचार करने की अपील की है. एसोसिएशन का कहना है कि 24 महीने तक चलने वाली नो कॉस्ट ईएमआई स्कीम की लागत कंपनियों को फोन की कीमत का करीब 17 से 19 प्रतिशत तक पड़ती है. यही खर्च बाद में फोन की खुदरा कीमत में जोड़ दिया जाता है, जिससे सभी ग्राहकों के लिए स्मार्टफोन महंगे हो जाते हैं, चाहे वे ईएमआई पर खरीदें या एकमुश्त भुगतान करें.
रिटेलर्स ने क्या दिया सुझाव ?
ईटी की रिपोर्ट के अनुसार, एआईएमआरए के चेयरमैन कैलाश लाखयानी ने सुझाव दिया है कि कंपनियां नो कॉस्ट ईएमआई की जगह सामान्य ब्याज वाले कंज्यूमर लोन मॉडल को अपनाएं. उनका कहना है कि ऑटोमोबाइल और हाउसिंग सेक्टर में पहले से यही व्यवस्था लागू है. इससे स्मार्टफोन की शुरुआती कीमत कम हो सकती है, जबकि बैंक और गैर बैंकिंग वित्तीय संस्थान ग्राहकों को उनकी जरूरत के हिसाब से लंबे समय, यहां तक कि 48 महीने तक का लोन भी दे सकते हैं. एसोसिएशन का मानना है कि इससे ज्यादा ग्राहकों को फाइनेंस मिलने की संभावना भी बढ़ेगी.
कंपनियों और इंडस्ट्री का क्या कहना है
इंडस्ट्री से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि अगर नो कॉस्ट ईएमआई खत्म होती है, तो ब्याज का बोझ सीधे उस ग्राहक पर आएगा जो लोन लेकर फोन खरीदेगा. वहीं जो ग्राहक एकमुश्त भुगतान करेंगे, उन्हें फोन कम कीमत में मिल सकता है. अधिकारियों का यह भी कहना है कि सामान्य कंज्यूमर लोन का ब्याज अक्सर उस लागत से कम होता है, जो कंपनियां नो कॉस्ट ईएमआई देने के लिए वहन करती हैं. एआईएमआरए ने उदाहरण देते हुए कहा कि समान स्पेसिफिकेशन वाले कुछ स्मार्टफोन की कीमतों में भी नो कॉस्ट ईएमआई के कारण अंतर देखने को मिलता है. उदाहरण के तौर पर रियलमी सी83 5जी की कीमत रियलमी पी4 लाइट से अधिक बताई गई है, जबकि दोनों में समान हार्डवेयर दिया गया है.
ये भी पढ़ें: 10,000 रुपये से कम में मिल रहे धांसू 5G स्मार्टफोन, खरीदने से पहले देख लें लिस्ट

विशाल मैथिल
भोपाल के रहने वाले हैं. कम्प्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन और मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद डिजिटल मीडिया में कदम रखा. दैनिक भास्कर से शुरुआत हुई. इसके बाद टाइम्स नाउ नवभारत और अमर उजाला जैसे संस्थान में टेक जर्नलिस्ट के दौर पर करने के बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े हैं. सोशल मीडिया कैंपेन को लीड करने और हिंदी मैग्जीन में भी काम करने का मौका मिला. फिलहाल टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और स्मार्टफोन की खबरें आप तक आसान भाषा में पहुंचाने का काम कर रहे हैं. गैजेट्स कंपेरिजन, गैजेट्स रिव्यूज और मोबाइल रिचार्ज जैसे टॉपिक्स पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं. रिसर्च, एक्सप्लेनर, डाटा स्टोरी और इंफोग्राफिक्स के साथ जटिल खबरों को आसानी से कहने और टेक जगत की छोटी-बड़ी अपडेट आप तक पहुंचाने का हुनर रखते हैं. गैजेट्स के अलावा किताबों और म्यूजिक में भी खूब मन लगता है.
Read More