Published: Friday, August 28, 2026, 15:41 [IST]
Nikitha Godishala Murder: अमेरिका में नए साल की पूर्व संध्या पर हुई 27 वर्षीय भारतीय महिला निकिता गोडिशाला की हत्या के मामले में करीब आठ महीने से फरार चल रहे आरोपी अर्जुन शर्मा को भारत में हिरासत में लिया गया है। अमेरिकी पुलिस के मुताबिक, निकिता की हत्या मैरीलैंड के कोलंबिया स्थित अर्जुन के अपार्टमेंट में हुई थी। हत्या के बाद आरोपी भारत भाग आया था।
अमेरिका में उसके खिलाफ प्रथम और द्वितीय श्रेणी की हत्या के आरोप में वारंट जारी किया गया था। अब हैदराबाद पुलिस की एक टीम ने उसे आगरा के एक फ्लैट से ट्रैक किया। हालांकि, भारत में उसकी गिरफ्तारी सीधे अमेरिकी हत्या मामले में नहीं, बल्कि तेलंगाना में दर्ज एक कथित धोखाधड़ी के मामले की जांच के दौरान हुई। आइए विस्तार से जानते हैं कि कैसे क्या हुआ?
Who Is Nikitha Godishala: कौन थीं निकिता गोडिशाला?
निकिता गोडिशाला 27 साल की थीं और मूल रूप से हैदराबाद की रहने वाली थीं। वह पिछले करीब चार सालों से अमेरिका में रह रही थीं। वहां वह डेटा और स्ट्रैटेजी एनालिस्ट के तौर पर काम कर रही थीं। परिवार हैदराबाद में रहता है। निकिता की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार ने भारतीय और अमेरिकी अधिकारियों से आरोपी को पकड़ने और उसे अमेरिका लाने की मांग की थी।
31 दिसंबर की रात क्या हुआ था?
अमेरिकी पुलिस के मुताबिक, निकिता की मौत 31 दिसंबर 2025 को हुई थी। हालांकि वह 2 जनवरी 2026 को लापता बताई गईं। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और उन्हें मैरीलैंड के कोलंबिया स्थित उनके पूर्व रूममेट अर्जुन शर्मा के अपार्टमेंट में मृत पाया। निकिता के शरीर पर चाकू से किए गए कई घाव मिले थे। हॉवर्ड काउंटी पुलिस ने जांच के बाद अर्जुन शर्मा को हत्या का संदिग्ध बताया और उसके खिलाफ फर्स्ट- और सेकेंड-डिग्री मर्डर के आरोपों में गिरफ्तारी वारंट हासिल किया।
Who Is Arjun Sharma: अर्जुन शर्मा कौन है?
अर्जुन शर्मा की उम्र 26 वर्ष बताई गई है। अमेरिकी पुलिस ने उसे निकिता का पूर्व प्रेमी बताया है। हालांकि निकिता के पिता आनंद गोडिशाला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दोनों रूममेट थे और उनके अनुसार हत्या के पीछे आर्थिक विवाद की भूमिका हो सकती है। यही वजह है कि मामले में हत्या की कथित वजह को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। अमेरिकी पुलिस की ओर से हत्या का अंतिम मकसद सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं किया गया है।
क्या पैसे को लेकर हुआ था विवाद?
निकिता के माता-पिता के मुताबिक, अर्जुन ने अगस्त-सितंबर 2025 के आसपास अपनी नौकरी खो दी थी। इसके बाद उसने कथित तौर पर निकिता और उसके परिवार के सदस्यों से पैसे उधार लिए थे। परिवार का दावा है कि निकिता की हत्या से पहले अर्जुन और उसके बीच बकाया रकम को लेकर आर्थिक विवाद चल रहा था। परिवार ने यह भी कहा कि अर्जुन के अमेरिका में कुछ अन्य लोगों के साथ भी वित्तीय लेन-देन थे। हालांकि, इन दावों को हत्या के आधिकारिक मकसद के रूप में नहीं माना जा सकता। हत्या की वजह को लेकर अमेरिकी जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी।
भारत में कैसे पकड़ा गया अर्जुन?
अर्जुन शर्मा भारत लौटने के बाद करीब आठ महीने तक अमेरिकी पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा। इस दौरान तेलंगाना में उसके खिलाफ एक अलग धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ। हैदराबाद पुलिस के मुताबिक, अप्रैल 2026 में एक शिकायत के आधार पर अर्जुन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि अर्जुन ने उससे पैसे लिए लेकिन रकम वापस नहीं की। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस को अर्जुन के बारे में कुछ सुराग मिले। इसके बाद हैदराबाद पुलिस की एक टीम आगरा पहुंची और उसे एक फ्लैट से हिरासत में लिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि क्योंकि अर्जुन के खिलाफ अमेरिका में पहले से हत्या का मामला और गिरफ्तारी वारंट लंबित था, इसलिए केंद्रीय एजेंसियों को इसकी जानकारी दी गई।
पटियाला हाउस कोर्ट में पेशी, 25 अगस्त को हिरासत
हैदराबाद पुलिस की कार्रवाई के बाद अर्जुन को केंद्रीय एजेंसियों के समक्ष पेश किया गया। इसके बाद उसे नई दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। परिवार की ओर से जारी बयान के अनुसार, गैर-जमानती वारंट के आधार पर हुई कार्रवाई के बाद दिल्ली की अदालत ने 25 अगस्त 2026 को अर्जुन शर्मा को हिरासत में ले लिया। अब आगे की प्रक्रिया के तहत उसके अमेरिका प्रत्यर्पण का रास्ता साफ हो सकता है।
अमेरिका भेजा जाएगा अर्जुन?
हॉवर्ड काउंटी पुलिस ने बताया है कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय अधिकारियों से सूचना मिली है कि अर्जुन शर्मा फिलहाल भारत में हिरासत में है और उम्मीद है कि उसे अमेरिका प्रत्यर्पित किया जाएगा। हालांकि, अमेरिकी पुलिस ने उसके प्रत्यर्पण की कोई निश्चित तारीख या समयसीमा नहीं बताई है। प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भारतीय और अमेरिकी अधिकारियों के बीच कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रियाओं के तहत आगे बढ़ेगी। परिवार को 4 जनवरी को मिली थी निकिता की मौत की जानकारी
निकिता के परिवार के मुताबिक, 4 जनवरी 2026 को भारतीय अधिकारियों ने उन्हें आधिकारिक तौर पर बताया कि निकिता को चाकू के कई घाव लगे थे और माना जा रहा है कि उनकी मौत 31 दिसंबर 2025 को हुई थी। परिवार ने इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी और उसे अमेरिका लाए जाने की मांग की। करीब आठ महीने बाद भारत में अर्जुन की गिरफ्तारी को परिवार ने मामले में एक बड़ी सफलता बताया है।