पहलगाम आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद पर शिकंजा, NIA की याचिका पर कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट

Published on 14 जुल॰ 2026

नई दिल्ली (उत्तम हिन्दू न्यूज) : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को बड़ी कानूनी सफलता मिली है। जम्मू की एक अदालत ने लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया है। यह कार्रवाई एनआईए की याचिका पर की गई, जिसमें हाफिज सईद को पहलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड बताया गया है। इस हमले में 26 नागरिकों की मौत हुई थी।

एनआईए ने 10 जुलाई को दायर अपनी पूरक (सप्लीमेंट्री) चार्जशीट में हाफिज सईद को इस मामले में आरोपी बनाया है। अदालत के वारंट जारी करने के बाद उसके खिलाफ गैरमौजूदगी में मुकदमा चलाने का रास्ता भी साफ हो गया है।

जांच एजेंसी ने अदालत को बताया है कि हाफिज सईद फिलहाल पाकिस्तान में मौजूद है और उसका भारत प्रत्यर्पण संभव नहीं है। नए आपराधिक कानूनों के तहत फरार आरोपियों के खिलाफ गैरमौजूदगी में मुकदमा चलाने का प्रावधान है। अब हाफिज सईद को भगोड़ा घोषित करने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

एनआईए के अनुसार, पहलगाम हमले की पूरी साजिश पाकिस्तान में रची गई थी और इसमें हाफिज सईद की अहम भूमिका रही। एजेंसी का कहना है कि पाकिस्तान से उसके प्रत्यर्पण की सभी कानूनी संभावनाएं लगभग समाप्त हो चुकी हैं।

इससे पहले एनआईए की पहली चार्जशीट में तीन पाकिस्तानी आतंकियों—सुलेमान, जिब्रान और हमजा अफगानी—को आरोपी बनाया गया था। इसके अलावा लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी साजिद सैफुल्ला जट्ट का नाम भी आरोपियों में शामिल है। पहलगाम के बशीर अहमद और परवेज अहमद को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है।

गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को पाकिस्तानी आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों को निशाना बनाकर हमला किया था। इस आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी। हमले के दौरान आतंकियों ने कथित तौर पर लोगों से उनका धर्म पूछने के बाद गोली मार दी थी।

You Might Be Interested In

  • अमेरिकी हमलों के बाद अब ईरान का पलटवार, बहरीन-जॉर्डन में US बेस को बनाया निशाना; दागी मिसाइलें
  • चारा घोटाला केस में लालू यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत, जमानत रद्द करने से इनकार
  • फतेहगढ़ साहिब में बेअदबी के आरोपी की हत्या, घर में घुसकर कृपाण से सिर धड़ से किया अलग; मचा हड़कंप
  • बिहार में जमीन रजिस्ट्री होगी पूरी तरह डिजिटल, 145 निबंधन कार्यालय चरणबद्ध तरीके से बनेंगे पेपरलेस
  • NEET में 5 बार असफल होने के बाद भी नहीं मानी हार, बिहार के प्रणव ने छठे प्रयास में हासिल की सरकारी मेडिकल कॉलेज की सीट
  • पाकिस्तान से लौट रहे अफगान नागरिकों की मदद को आगे आया भारत, पुनर्वास के लिए सौंपे फैमिली टेंट