NEET PG 2026: जयपुर के सीतापुरा सेंटर पर 20 बार बंद हुए कंप्यूटर, 2445 छात्रों के लिए 5 सितंबर को दोबारा होगी परीक्षा

Published on 30 अग॰ 2026

जयपुर (उत्तम हिन्दू न्यूज): देश के 2 लाख 65 हजार से अधिक मेडिकल छात्रों के लिए आयोजित हुई नीट पीजी 2026 (NEET PG 2026) परीक्षा के दौरान राजस्थान की राजधानी जयपुर से बड़ी तकनीकी अव्यवस्था का मामला सामने आया है। जयपुर स्थित सीतापुरा परीक्षा केंद्र (iON Digital Zone) पर परीक्षा शुरू होते ही कंप्यूटर स्क्रीन बार-बार बंद होने लगीं। छात्रों के अनुसार सिस्टम बीसों बार क्रैश हुआ, जिसके चलते परीक्षा केंद्र पर भारी अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए छात्रों ने केंद्र के बाहर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। भारी हंगामे के बाद नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने प्रभावित 2,445 छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है।

सीतापुरा केंद्र पर 20 बार क्रैश हुआ सिस्टम, छात्रों में मची अफरा-तफरी
देशभर के 339 शहरों में बने 1,111 केंद्रों पर करीब 2,65,980 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। अन्य सभी जगहों पर परीक्षा शांतिपूर्ण रही, लेकिन जयपुर के सीतापुरा केंद्र (टीसी नंबर 41682 और 41683) पर तकनीकी खराबी ने पूरी व्यवस्था को पटरी से उतार दिया। परीक्षा दे रहे छात्र विष्णु शर्मा ने बताया कि परीक्षा के दौरान उनका सिस्टम कम से कम 20 बार बंद हुआ। सर्वर और कंप्यूटर ठप रहने के दौरान कमरे में ऐसी अव्यवस्था फैली कि छात्र आपस में जवाब तक डिस्कस करने लगे। छात्रों ने मांग उठाई है कि परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित होने के चलते पूरी परीक्षा दोबारा कराई जानी चाहिए।

सचिन पायलट ने साधा निशाना, कहा- ‘छात्र कब तक भुगतेंगे खामियाजा?’
सीतापुरा केंद्र पर हुए हंगामे के बाद सियासत भी गरमा गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए सीधे तौर पर सिस्टम की जवाबदेही तय करने की मांग की है। पायलट ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि जयपुर में परीक्षा के दौरान आई तकनीकी खामियां बेहद गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि दिन-रात मेहनत कर तैयारी करने वाले छात्रों को परीक्षा तंत्र की लापरवाहियों का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। पायलट ने जोर देकर कहा कि बार-बार दोहराई जा रही ऐसी गलतियों से सवाल उठता है कि क्या सिस्टम ने पिछली विफलताओं से कोई सबक सीखा है या नहीं।

NBEMS ने दी सफाई, 5 सितंबर को री-एग्जाम का ऐलान
विवाद बढ़ने के बाद एनबीईएमएस (NBEMS) ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए बताया कि परीक्षा संचालन एजेंसी टीसीएस (TCS) की इंटरनल पावर सप्लाई में आई खराबी के कारण व्यवधान उत्पन्न हुआ। इस तकनीकी समस्या से 2,445 छात्र अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर सके। बोर्ड ने इस घटना पर खेद जताते हुए ऐलान किया है कि प्रभावित सभी 2,445 छात्रों के लिए 5 सितंबर 2026 (शनिवार) को दोपहर 3 बजे जयपुर में ही दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी।

You Might Be Interested In

  • तुर्किये जा रही फेरी बोट समुद्र में पलटी, 7 लोगों की मौत, 270 यात्री थे सवार
  • नेपाल बाढ़ में कुदरत का करिश्मा, मलबे में जिसे समझा बिल्ली का बच्चा; वह निकली 5 साल की मासूम- देखें VIDEO
  • ’20 बार क्रैश हुआ सिस्टम’, NEET PG रद्द होने पर छात्रों का फूटा गुस्सा
  • नेपाल में बाढ़ पीड़ितों के लिए आगे आया WHO, जारी किए 1.5 लाख डॉलर
  • PM मोदी को मिला उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान, यूरेनियम आपूर्ति और मेगा प्रोजेक्ट्स पर हुआ बड़ा समझौता
  • अब पोर्न साइट्स और सीक्रेट ऐप्स बने आतंकियों के नए ठिकाने, ISI के खौफनाक ‘डार्क वेब’ मॉडल का भंडाफोड़