NEET Paper Leak Protest: स्टूडेंट्स के समर्थन में सलमान खान, बोले- ये पीढ़ी भारत का नाम रोशन करेगी

Published on 23 जुल॰ 2026

नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन की गूंज अब पूरे देश में फैल रही है। बॉलीवुड के कई सेलेब्स इनके साथ खड़े नजर आ रहे हैं। इसी में एक नाम सलमान खान का जुड़ गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इनके कदम की तारीफ की है।

NEET पेपर लीक और शिक्षा में ट्रांसपेरेंसी की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। 20 जुलाई को नई दिल्ली में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री भी खुलकर समर्थन देने लगी है। शबाना आजमी, इमरान खान, सोनू सूद, रितेश देशमुख के बाद अब सुपरस्टार सलमान खान भी अपनी चुप्पी तोड़ी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके छात्रों को समर्थन दिया है।

पेपर लीक को बताया गंभीर मुद्दा

NEET पेपर लीक विवाद पर अभिनेता सलमान खान ने सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट शेयर कर छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद है कि इतना शांतिपूर्ण आंदोलन हिंसक मोड़ ले बैठा। साथ ही उन्होंने घायल हुए छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

'छात्रों की मेहनत और हिम्मत काबिल-ए-तारीफ'

सलमान खान ने लिखा कि पेपर लीक बेहद गंभीर मुद्दा है। उन्हें खुशी है कि देश के छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर एकजुट हुए हैं और उनके माता-पिता ने भी उनका पूरा साथ दिया। उन्होंने छात्रों की ईमानदारी, मेहनत और बेहतर भविष्य बनाने की लगन की सराहना करते हुए कहा कि यही पीढ़ी भारत को आगे बढ़ाएगी और देश का नाम रोशन करेगी।

'आंदोलन को राजनीति से दूर रखा जाए'

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का मुद्दा है, इसलिए इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। सलमान के मुताबिक, इस आंदोलन का पूरा श्रेय सिर्फ छात्रों को मिलना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार भी छात्रों का समर्थन करेगी और शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पॉजिटिव फैसले लेगी।

'भारत बने दुनिया का एजुकेशन हब'

अपने पोस्ट के आखिर में सलमान खान ने शिक्षा को देश का सबसे बड़ा ट्रेंड बनाने की बात कही। उन्होंने लिखा कि शिक्षा इतनी लोकप्रिय और आकर्षक बननी चाहिए कि दुनिया भर के छात्र भारत में पढ़ाई करने आएं और भारत एक वैश्विक शिक्षा केंद्र के रूप में स्थापित हो।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन जारी

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रोटेस्ट जारी है। हजारों की संख्या में छात्र यहां पर डटे हुए हैं। सीजेपी का कहना है कि अगर सरकार उनकी बातों को नहीं माना तो लाखों लोग यहां पर और आएंगे। छात्रों के प्रोटेस्ट में बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के कई हस्तियां शामिल हुए हैं।