बांकीपुर उपचुनाव: नीतीश कुमार ने की NDA उम्मीदवार के लिए वोट की अपील, आज शाम थमेगा चुनाव प्रचार - Haribhoomi

Published on 28 जुल॰ 2026

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार आज शाम पांच बजे थम जाएगा। पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने वीडियो जारी कर एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के लिए वोट मांगे हैं।

Bankipur bypoll Nitish Kumar campaign nda candidate

नीतीश कुमार ने बांकीपुर उपचुनाव में NDA उम्मीदवार के लिए वोट की अपील की।

  • Published: 28 Jul 2026, 03:11 PM IST
  • Last Updated: 28 Jul 2026, 03:11 PM IST

Bankipur bypoll 2026: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी अपने चरम पर है। चुनाव प्रचार का शोर आज यानी मंगलवार शाम पांच बजे थम जाएगा। इसके बाद कोई भी राजनीतिक दल या प्रत्याशी प्रचार नहीं कर सकेगा। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को राजनीतिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

नीतीश कुमार का वीडियो संदेश
चुनाव प्रचार थमने से ठीक पहले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक वीडियो संदेश जारी किया है। इस संदेश के जरिए उन्होंने बांकीपुर क्षेत्र के मतदाताओं से एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने की अपील की है।

बांकीपुर के सम्मानित मतदाताओं के नाम आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी का संदेश।@NitishKumar #BankipurByElection #JanataDalUnited #NDA #bihar #JDU #NitishKumar pic.twitter.com/xUVIQU9Q4x

— Janata Dal (United) (@Jduonline) July 28, 2026

पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने वीडियो में कहा, 'बांकीपुर क्षेत्र के प्यारे मतदाताओं को मेरा प्रणाम। आप जानते हैं कि आपके विधानसभा क्षेत्र में मतदान हो रहा है और 30 जुलाई को वोट डाले जाएंगे। आप सभी के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद से हमने पिछले दो दशकों में न्याय के साथ विकास को पूरी ईमानदारी से धरातल पर उतारा है।

विकास की इस गति को निरंतर बनाए रखने और एक विकसित बिहार के निश्चय को पूरा करने के लिए आपका एक-एक वोट बेहद जरूरी है।' उन्होंने आगे जनता से आग्रह किया कि वे एनडीए के युवा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को अपना आशीर्वाद दें और मतदान के दिन 'कमल छाप' पर बटन दबाकर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं।

30 जुलाई को होगा मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे
निर्वाचन आयोग के शेड्यूल के मुताबिक, बांकीपुर विधानसभा सीट पर आगामी गुरुवार यानी 30 जुलाई को मतदान संपन्न होगा। इसके बाद 3 अगस्त को वोटों की गिनती की जाएगी और चुनाव के नतीजे घोषित होंगे। इस हाई-प्रोफाइल सीट पर कुल 25 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें मुख्य रूप से भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा, जनसुराज के प्रशांत किशोर और राजद की रेखा गुप्ता शामिल हैं।

नितिन नवीन और सम्राट चौधरी ने निकाला भव्य रोड शो
बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार के पक्ष में एनडीए के शीर्ष नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने एक विशाल रोड शो में हिस्सा लिया।

यह रोड शो शाम 5 बजकर 12 मिनट पर भट्टाचार्य रोड मोड़ से शुरू होकर करीब 1 घंटा 36 मिनट तक चला और शाम 6 बजकर 48 मिनट पर मोना सिनेमा के पास इसका समापन हुआ। लगभग चार किलोमीटर लंबे इस रास्ते में सड़क के दोनों ओर मौजूद बड़ी संख्या में लोगों ने फूलों की वर्षा कर नेताओं का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान एक दर्जन से अधिक मंचों से नेताओं का अभिनंदन किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों और गीतों के साथ दिखा चुनावी उत्साह
रोड शो के दौरान जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों और गीतों के जरिए माहौल पूरी तरह चुनावी नजर आया। उमा सिनेमा के पास मां पटनदेवी सेवा समिति के मंच पर पटना के विकास पर आधारित एक नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया।

वहीं कदमकुआं वेंडिंग जोन के सामने पाटलिपुत्रा दिगंबर जैन समिति के मंच पर लोकल बैंड ने 'झंडे गाड़ देंगे' गीत सुनाकर लोगों का उत्साह बढ़ाया।

रथ के आगे चल रहे बैंड पर बज रहे देशभक्ति गीतों के साथ 'जोड़िया मोदिया नीतीश जी के हिट होई' जैसे गीतों पर सड़क पर मौजूद लोगों ने जमकर अपनी प्रस्तुतियां दीं।

नितिन नवीन और सम्राट चौधरी ने रथ पर सवार होकर मतदाताओं का अभिवादन किया और हाथ जोड़कर भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार के पक्ष में जीत का आशीर्वाद मांगा।