Published: Wednesday, July 22, 2026, 10:08 [IST]
Naseeruddin Shah On Jantar Mantar Violence: देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले को लेकर CJP के विरोध प्रदर्शन में अब तक खूब हंगामा मच चुका है। गत 20 जुलाई 2026 को सीजेपी संग लाखों छात्रों ने संसद तक मार्च किया था लेकिन इस दौरान प्रदर्शनकारियों और छात्रों को पुलिस की लाठीचार्च का सामना भी करना पड़ा था।
CJP के विरोध प्रदर्शन का सेलेब्स ने किया सपोर्ट
आपको बता दें कि इस आंदोलन में अब तक देश के कई स्टूडेंट्स से लेकर सेलेब्स तक शामिल हो चुके हैं और जमकर इसका सपोर्ट कर रहे हैं। बॉलीवुड एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर से लेकर शबाना आजमी, सोनाक्षी सिन्हा, दीया मिर्जा, स्वरा भास्कर, प्रकाश राज, अनुराग कश्यप और हुमा कुरैशी जैसे सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर छात्रों पर हुई हिंसा की कड़ी निंदा की है।
नसीरुद्दीन शाह का फूटा गुस्सा, वीडियो हुआ वायरल
इन सबके बीच सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपने विचार रखने वाले बॉलीवुड के लिजेंड्री एक्टर नसीरुद्दीन शाह ने भी इस हिंसा का फुटेज देखने के बाद अपना गुस्सा जताया है। इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में नसीरुद्दीन शाह न सिर्फ गुस्से में दिखा बल्कि अपनी बातें कहते हुए इमोशनल भी हो गए थे। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग करने वालों की कड़ी आलोचना की है।
76 साल के एक्टर ने खोली सबकी पोल-पट्टी
-आपको बता दें कि नसीरुद्दीन शाह का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में 76 साल के एक्टर नसीरुद्दीन शाह ने कहा है- आदाब नमस्कार, मैं नसीरुद्दीन शाह दो बातें अर्ज करना चाहता हूं आपसे। पहली तो ये कि अगर कोई जाहिल इस मुल्क की रहनुमाई करे तो उसका दिल यही चाहेगा कि पूरा मुल्क उसी की तरह जाहिल, नासमझ, नाकाबिल और बेरहम बने।
-एक्टर ने आगे कहा है- अभिनय के दो अलग-अलग कोर्स राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय और पुणे फिल्म इंस्टीट्यूट में पूरे करने के बावजूद मैंने अभिनय के बारे में सबसे ज्यादा जो सीखा, वो उन बच्चों से जिन्हें सिखाने की मैंने कोशिश की है। मेरी पूरी हमदर्दी उनके साथ है। मैं उन्हें हर सांस के साथ दुआएं देता हूं और हर टीचर्स डे पर उन्हें सलाम करता हूं।
नसीरुद्दीन शाह ने कहा- मैं गुस्से से खौल रहा हूं
-नसीरुद्दीन शाह ने कहा- इस वक्त मेरा दिल भी भरा हुआ है और मैं गुस्से से खौल भी रहा हूं। हमारे बच्चों के साथ किस तरह से जुल्म का बर्ताव किया जा रहा है, उन गुंडो के हाथों, जो मुझे अमेरिका के एजेंटों आईसीई की याद दिलाते हैं। मुंह पर नकाब लगाए हुए और हाथ में डंडा लिए हुए। कभी अपने बच्चों के बारे में भी सोचा करो और ये भी सोचों तुम्हारा अंजाम तुम्हे भी एक दिन मिलेगा जरूर।
-एक्टर ने कहा- इन सब बच्चों से मैं कहना चाहता हूं कि हिम्मत न हारें। बहुत से लोगों की हमदर्दी आपके साथ है, बहुत से लोग आपके साथ हैं। आप लड़ते रहें, मुझे हमारे मुल्क की युवा पीढ़ी से हमशा उम्मीद रही है और अब वो उम्मीद और उजागर हो गई है। आप लोग अपनी लड़ाई लड़ते रहे, हम आपके साथ हैं।
क्या जंतर-मंतर पहुंचे थे नसीरुद्दीन शाह?
जानकारी के अनुसार इससे पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दावा किया गया था कि नसीरुद्दीन शाह और उनके बेटे, विवान और इमाद, गत 20 जुलाई 2026 (सोमवार) को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। हालांकि असल में ये क्लिप मुंबई के रीगल सिनेमा में एक फिल्म की स्क्रीनिंग का था।
विरोध प्रदर्शन मुंबई तक फैला, पुलिस ने लगाई पाबंदियां
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अब ये विरोध प्रदर्शन सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थक मुंबई में भी सड़कों पर उतर आए हैं। किसी भी संभावित अशांति को रोकने के लिए,मुंबई पुलिस ने 23 जुलाई 2026 से 6 अगस्त 2026 तक 5 या उससे ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने, जुलूस निकालने, लाउडस्पीकर के इस्तेमाल और आतिशबाजी पर रोक लगा दी है।