Nainital Bank SO 2026: नैनीताल बैंक में स्पेशलिस्ट ऑफिसर बनने का सुनहरा मौका, 1 लाख तक मिलेगी सैलरी

Published on 18 अग॰ 2026

Nainital Bank SO Recruitment 2026: नैनीताल बैंक ने स्पेशलिस्ट ऑफिसर के 41 पदों पर आवेदन मांगे हैं। इच्छुक उम्मीदवार 7 सितंबर तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 1 लाख रुपये से अधिक की सैलरी मिलेगी।

Nainital Bank SO Online Form 2026: बैंकिंग क्षेत्र में अपना करियर संवारने और नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए बेहतरीन अवसर सामने आया है। नैनीताल बैंक ने स्पेशलिस्ट ऑफिसर (SO) के विभिन्न पदों पर नियमित भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से स्केल-I, स्केल-II और स्केल-III के तहत कुल 41 रिक्त पदों को भरा जाएगा।

इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 15 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार 7 सितंबर 2026 तक बैंक की आधिकारिक वेबसाइट nainitalbank.bank.in पर जाकर अपना आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

पदों की डिटेल्स

इस भर्ती अभियान के जरिए रिस्क ऑफिसर, एचआर ऑफिसर, आईटी ऑफिसर (सॉफ्टवेयर, एपीआई, डेटाबेस और नेटवर्क एडमिनिस्ट्रेटर), डेटा साइंटिस्ट, सिविल इंजीनियर/आर्किटेक्ट, क्रेडिट मैनेजर, लॉ मैनेजर, फॉरेक्स और ट्रेजरी सीनियर मैनेजर जैसे महत्वपूर्ण पदों को भरा जाना है।

शैक्षणिक योग्यता

विभिन्न पदों के लिए शैक्षणिक योग्यताएं अलग-अलग तय की गई हैं:

स्केल-I पदों के लिए: न्यूनतम 60% अंकों के साथ संबंधित विषय में बी.ई/बी.टेक, एम.टेक, एमसीए, एमबीए या डेटा साइंस में डिग्री होना आवश्यक है।

स्केल-II और स्केल-III पदों के लिए: एमबीए (फाइनेंस), एलएलबी, या कंपनी सेक्रेटरी (CS) जैसी डिग्री के साथ-साथ संबंधित क्षेत्र में अनिवार्य कार्य अनुभव होना चाहिए।

आयु सीमा और आकर्षक सैलरी

आवेदकों की आयु सीमा की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। स्केल-I के पदों के लिए आयु सीमा 21 से 32 वर्ष, स्केल-II के लिए 25 से 35 वर्ष और स्केल-III के पदों के लिए 25 से 38 वर्ष रखी गई है।

इस भर्ती की सबसे खास बात इसकी आकर्षक सैलरी है। चयन के बाद अधिकारियों को बेसिक पे के अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। स्केल-III पदों पर चयनित उम्मीदवारों का कुल वेतन प्रति माह 85,920 रुपये - 1,05,280 रुपये का पे-स्केल होगा।

चयन प्रक्रिया और आवेदन शुल्क

योग्य उम्मीदवारों का चयन दो चरणों में किया जाएगा-

ऑनलाइन लिखित परीक्षा: इसमें 200 अंकों के 200 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिसके लिए 145 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षा में 0.25 अंकों की नेगेटिव मार्किंग भी होगी। यह परीक्षा संभावित रूप से अक्टूबर 2026 में आयोजित की जाएगी।

पर्सनल इंटरव्यू: लिखित परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।

सभी श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1,500 रुपये (GST सहित) तय किया गया है। ध्यान रहे कि चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को 2 वर्ष की अवधि के लिए 3 लाख रुपये का इंडेम्निटी बॉन्ड भी देना होगा। अगर आप इस भर्ती के लिए सभी शर्तें पूरी करते हैं, तो समय रहते nainitalbank.bank.in पर जाकर अपना फॉर्म भरें।