MP Weather: तेज बारिश का दौर, 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; 23 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश - Haribhoomi

Published on 14 सित॰ 2026

मध्यप्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। सोमवार को उज्जैन समेत 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। पश्चिमी मध्यप्रदेश में बारिश का असर ज्यादा रहेगा। 15 सितंबर के बाद बारिश की गतिविधियां कमजोर होने की संभावना है।

MP Weather Update

तेज बारिश का दौर, 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

  • Published: 14 Sep 2026, 08:50 AM IST
  • Last Updated: 14 Sep 2026, 08:50 AM IST

मध्यप्रदेश: मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पश्चिमी मध्यप्रदेश में बने मौसम तंत्र के कारण कई जिलों में बारिश तेज हुई है। मौसम विभाग ने सोमवार को उज्जैन समेत 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 23 जिलों में अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। हालांकि प्रदेश के 32 जिले अभी भी बारिश की कमी से जूझ रहे हैं।

इन 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, राजगढ़, गुना और श्योपुर में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, रायसेन, सीहोर, विदिशा, धार, झाबुआ, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, देवास, शाजापुर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, रीवा, सतना, सागर, दमोह, छतरपुर और टीकमगढ़ समेत कई जिलों में हल्की से तेज बारिश हो सकती है।

रविवार को भी इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर संभाग के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। बड़वानी में नदी-नाले और तालाबों का जलस्तर बढ़ गया। रतलाम, मुरैना, शाजापुर, झाबुआ, खरगोन और खंडवा में भी बारिश दर्ज की गई।

बांधों के गेट खोले, जलस्तर बढ़ा
टीकमगढ़ में तेज बारिश के बाद बान सुजारा बांध के चार गेट खोलने पड़े। बड़वानी के सेंधवा क्षेत्र में कई नदी-नाले उफान पर रहे। हरदा के वन क्षेत्र में लाखादेह की पहाड़ी नदी का जलस्तर भी बढ़ा। भोपाल में बारिश के बाद कलियासोत डैम के तीन गेट खोले गए।

15 सितंबर के बाद कमजोर होगी बारिश
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 14 सितंबर को पश्चिमी मध्यप्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश जारी रह सकती है। निम्न दबाव क्षेत्र के राजस्थान-गुजरात की ओर बढ़ने के दौरान पश्चिमी जिलों में इसका असर बना रहेगा। हालांकि 15 सितंबर के बाद बारिश की तीव्रता और दायरा धीरे-धीरे कम होने के संकेत हैं। अगले सात दिनों तक कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।

32 जिलों में बारिश की कमी
प्रदेश में अभी भी 32 जिले सामान्य से कम बारिश वाले हैं। बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, मंडला, रीवा, सागर और सिवनी में सामान्य से 2 से 25% तक कम बारिश हुई है। पश्चिमी हिस्से के कुछ जिलों में यह कमी 7 से 52% तक है। वहीं अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है।

फिलहाल प्रदेश में सीजन की कुल बारिश सामान्य से करीब 6% कम है। जून में 14% कम बारिश हुई थी, जिसकी भरपाई अब तक पूरी तरह नहीं हो सकी है।