MPESB ने सूबेदार स्टेनोग्राफर और ASI मिनिस्ट्रियल के 655 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। आवेदन प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू होगी और 8 अक्टूबर 2026 तक चलेगी।
MP Police Recruitment 2026
- Published: 21 Sep 2026, 09:30 AM IST
- Last Updated: 21 Sep 2026, 09:30 AM IST
मध्य प्रदेश पुलिस में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए काम की खबर है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस मुख्यालय, गृह पुलिस विभाग के तहत सूबेदार (स्टेनोग्राफर) और असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI मिनिस्ट्रियल) के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 655 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
इनमें सूबेदार स्टेनोग्राफर के 135 पद और ASI मिनिस्ट्रियल के 520 पद शामिल हैं। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 सितंबर 2026 से शुरू होगी। योग्य उम्मीदवार 8 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
12वीं पास उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा पास होना जरूरी है। इसके साथ ही संबंधित पद के लिए निर्धारित कंप्यूटर योग्यता भी होनी चाहिए। उम्मीदवारों के पास CPCT हिंदी टाइपिंग जैसी कंप्यूटर योग्यता निर्धारित शर्तों के अनुसार होना जरूरी है। वहीं, सूबेदार (स्टेनोग्राफर) पद के लिए उम्मीदवार को 100 शब्द प्रति मिनट की हिंदी शॉर्टहैंड परीक्षा पास करना जरूरी होगा।
MP Police Vacancy 2026: आयु सीमा
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु 33 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। मध्य प्रदेश की महिला उम्मीदवारों के साथ ही SC, ST और OBC वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। इन वर्गों के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 38 वर्ष तक होगी।
ऐसे होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों की प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा। सबसे पहले कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (CBT) आयोजित होगी। इसके बाद सफल उम्मीदवारों को आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया में ये चरण शामिल हैं:
- कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (CBT)
- डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
- टाइपिंग/स्टेनोग्राफी स्किल टेस्ट
- मेडिकल टेस्ट
लिखित परीक्षा का आयोजन 3 नवंबर 2026 से किया जाएगा। परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
कितनी मिलेगी सैलरी?
भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार अलग-अलग वेतन मिलेगा।
सूबेदार (स्टेनोग्राफर): ₹36,200 से ₹1,14,800 प्रतिमाह
ASI मिनिस्ट्रियल: ₹19,500 से ₹62,000 प्रतिमाह
MP Police Recruitment 2026: आवेदन फीस
आवेदन करने वाले सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 500 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं मध्य प्रदेश के SC, ST, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये निर्धारित है।
कहां और कैसे करें आवेदन?
योग्य उम्मीदवार MPESB की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया 24 सितंबर 2026 से 8 अक्टूबर 2026 तक चलेगी।