MP Mukhyamantri Medhavi Vidyarthi Yojana: पढ़ाई का खर्च उठाती है सरकार, जानें पात्रता और जरूरी नियम

Published on 10 अक्टू॰ 2026

MP Mukhyamantri Medhavi Vidyarthi Yojana: मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) सरकार की एक योजना है| योजना में उन विद्यार्थियों को मदद मिलती है, जो आर्थिक परेशानी के कारण अपनी आगे की पढ़ाई का खर्च उठाने में मुश्किल महसूस करते हैं। इस योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी (Student) को 12वीं के अंकों, परिवार की सालाना आय और चुने गए कोर्स से जुड़ी शर्तें पूरी करनी होती हैं। योजना में इंजीनियरिंग, मेडिकल और दूसरे मान्य उच्च शिक्षा सब्जेक्ट्स की पढ़ाई के लिए सहायता मिल सकती है।

योजना का लाभ किसे मिलता है?

Mukhyamantri Medhavi Vidyarthi Yojana का लाभ मध्य प्रदेश के उन विद्यार्थियों को मिलता है, जिन्होंने 12वीं की परीक्षा में तय अंकों के साथ पास किया हो और आगे की पढ़ाई के लिए मान्यता प्राप्त कॉलेज या संस्थान में प्रवेश लिया हो। इसमें छात्र और छात्राएं दोनों आवेदन कर सकते हैं। योजना का लाभ सामान्य, ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को मिल सकता है।

योजना की पात्रता के नियम

मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना (MMVY Eligibility) का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी को मध्य प्रदेश का निवासी होना चाहिए। 12वीं में अंकों की शर्त बोर्ड के अनुसार अलग है। मध्य प्रदेश बोर्ड से परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों के लिए कम से कम 70 प्रतिशत अंक और CBSE या ICSE बोर्ड से पास विद्यार्थियों के लिए कम से कम 85 प्रतिशत अंक की शर्त बताई गई है। इसके अलावा, विद्यार्थी के पिता या पालक की सालाना आय 6 लाख रुपये से कम होनी चाइए । आवेदन करने से पहले अपने पाठ्यक्रम के लिए लागू आय सीमा और अन्य नियमों की पुष्टि जरूर करें।

कौन से कोर्स की पढ़ाई के लिए मिलती है सहायता?

इस योजना में पात्र विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, कानून और अन्य उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों के लिए सहायता ( Educational Help) मिल सकती है। इंजीनियरिंग में प्रवेश के लिए JEE Main की रैंक से जुड़ी शर्त लागू होती है। मेडिकल की पढ़ाई के लिए NEET के माध्यम से पात्र कॉलेज में प्रवेश लेना जरूरी है। कानून की पढ़ाई के लिए CLAT या संबंधित संस्थान की मान्य प्रवेश प्रक्रिया के तहत प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को भी नियमों के अनुसार लाभ मिल सकता है। इसके अलावा, पात्र विद्यार्थियों को सरकारी कॉलेजों , अन्य मान्य संस्थानों में स्नातक (Graduation Course) और कुछ एकीकृत पाठ्यक्रमों (Integrated Courses ) की फीस के लिए सहायता मिल सकती है।

सरकार कितनी फीस भरती है?

योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों की निर्धारित शिक्षण फीस (Tuition Fees) का भुगतान सरकार करती है। हालांकि, सहायता की राशि और फीस की सीमा कॉलेज, कोर्स और लागू नियमों के आधार पर अलग-अलग हो सकती है। इंजीनियरिंग के निजी कॉलेजों में पात्र विद्यार्थियों के लिए 1.5 लाख रुपये तक या वास्तविक शिक्षण फीस, जो भी कम हो, देने का प्रावधान सरकारी योजना विवरण में दिया गया है। इसलिए इसे हर कॉलेज में पूरी पढ़ाई मुफ्त होने की गारंटी नहीं समझना चाहिए।

आवेदन के लिए कौन-से दस्तावेज जरूरी हैं?

योजना में आवेदन करते समय विद्यार्थी को अपनी 12वीं की अंकसूची, आधार कार्ड, मध्य प्रदेश का मूल निवासी प्रमाण पत्र , आय प्रमाण पत्र और कॉलेज में प्रवेश से जुड़े दस्तावेज देने पड़ सकते हैं। इसके साथ कॉलेज की फीस की रसीद और संबंधित प्रवेश परीक्षा की अंकसूची भी मांगी जा सकती है। दस्तावेजों की सही सूची चुने गए कोर्स और आवेदन के नियमों के अनुसार जांचनी चाहिए।

मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना में आवेदन कैसे करें?

इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन (Medhavi Vidyarthi Yojana Online Application) करना होता है। इसके लिए मध्य प्रदेश सरकार के छात्रवृत्ति पोर्टल (Scholarship Portal) पर जाकर योजना का विकल्प चुनना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन करके मांगी गई जानकारी भरनी होगी और जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। आवेदन पूरा होने के बाद संबंधित कॉलेज या संस्थान दस्तावेजों का सत्यापन करता है। आवेदन स्वीकृत होने पर नियमानुसार फीस का भुगतान किया जाता है। आधिकारिक वेबसाइट: मध्य प्रदेश छात्रवृत्ति पोर्टल

आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान

योजना का लाभ लेने के लिए केवल 12वीं में अच्छे अंक होना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थी को निर्धारित पात्रता पूरी करनी होगी और ऐसे कॉलेज या पाठ्यक्रम में प्रवेश लेना होगा, जो योजना के नियमों में शामिल हो। आवेदन करते समय नाम, अंकसूची, आय प्रमाण पत्र और बैंक खाते की जानकारी सही भरें। कॉलेज में प्रवेश लेने के बाद आवेदन की स्थिति ( college Application Status) और दस्तावेजों के सत्यापन की जानकारी भी जांचते रहें।