MP Investment: 12 अगस्त को अहमदाबाद जाएंगे CM मोहन यादव, गुजरात के उद्योगपतियों से करेंगे वन-टू-वन चर्चा - Haribhoomi

Published on 11 अग॰ 2026

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 अगस्त को अहमदाबाद में गुजरात के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों से मुलाकात करेंगे। वे मध्यप्रदेश की निवेश संभावनाओं, औद्योगिक नीतियों और सुविधाओं की जानकारी देकर निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे। अडानी ग्रुप, टोरेंट पावर और अरविंद लिमिटेड समेत कई बड़े उद्योग समूहों के साथ वन-टू-वन बैठकें होंगी।

MP Investment

12 अगस्त को अहमदाबाद जाएंगे CM मोहन यादव

  • Published: 11 Aug 2026, 11:04 AM IST
  • Last Updated: 11 Aug 2026, 11:04 AM IST

भोपाल: मध्यप्रदेश में निवेश बढ़ाने और प्रदेश को देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल करने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार निवेशकों से संवाद कर रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री 12 अगस्त 2026 को अहमदाबाद पहुंचेंगे। यहां वे गुजरात के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों से मुलाकात कर उन्हें मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे।

मुख्यमंत्री अहमदाबाद में आयोजित मेगा निवेश संवाद और रोड शो में मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश की संभावनाओं, अनुकूल नीतियों और निवेशकों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी देंगे। इस दौरान आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए गुजरात के उद्योग जगत को भी आमंत्रित किया जाएगा।

बड़े उद्योग समूहों से होगी सीधी बातचीत
मुख्यमंत्री के अहमदाबाद दौरे में कई बड़े औद्योगिक समूहों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें प्रस्तावित हैं। इनमें अरविंद लिमिटेड, टोरेंट पावर और अडानी ग्रुप के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हैं। इन बैठकों में ऊर्जा, वस्त्र, विनिर्माण, अधोसंरचना और औद्योगिक विस्तार जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

START YOUR INVESTMENT JOURNEY WITH MADHYA PRADESH

Interactive Session on Investment Opportunities in Madhya Pradesh

Explore Investment Opportunities -
Industry • Trade • Investment • Employment

🗓️ 12 August 2026
📍 Taj Skyline, Ahmedabad, Gujarat@DrMohanYadav51pic.twitter.com/V1Le5bluI1

— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) August 11, 2026

इसके अलावा मुख्यमंत्री हरी कृष्णा एक्सपोर्ट के चेयरमैन ढोलकिया, चिरिपाल समूह के चेयरमैन बृजमोहन चिरिपाल और अग्रवाल ग्रुप के चेयरमैन चिमन भाई शाह से भी मुलाकात करेंगे। बैठकों में संभावित निवेश परियोजनाओं, औद्योगिक भूमि, कनेक्टिविटी और निवेशकों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं पर चर्चा होगी।

मध्यप्रदेश की खूबियां बताएंगे अधिकारी
अहमदाबाद के ताज स्काईलाइन होटल में मुख्य निवेशक संवाद सत्र आयोजित होगा। इसमें मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता और निवेश के अवसरों को ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति के जरिए सामने रखा जाएगा।
अपर मुख्य सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन नीरज मंडलोई प्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेशक-अनुकूल नीतियों और अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देंगे।

वहीं प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एम. सेल्वेन्द्रन मध्यप्रदेश के टेक इकोसिस्टम, स्टार्टअप, नवाचार, रिसर्च एंड डेवलपमेंट और हाईटेक निवेश की संभावनाओं पर प्रस्तुति देंगे।

निवेश के साथ रोजगार पर भी नजर
सरकार का लक्ष्य गुजरात के उद्योग समूहों को मध्यप्रदेश में नए उद्योग लगाने और मौजूदा कारोबार के विस्तार के लिए आकर्षित करना है। प्रदेश में औद्योगिक जमीन, ऊर्जा, कनेक्टिविटी और कुशल मानव संसाधन को निवेश के प्रमुख आधार के तौर पर पेश किया जाएगा।

सरकार को उम्मीद है कि अहमदाबाद संवाद से नए निवेश प्रस्ताव, औद्योगिक परियोजनाएं और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही 2027 में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए भी गुजरात के बड़े निवेशकों को मध्यप्रदेश से जोड़ने में मदद मिलेगी।