शाजापुर में एक नर्स ने तंत्र-मंत्र के नाम पर दुष्कर्म, धोखाधड़ी, जबरन वसूली और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
तंत्र-मंत्र का झांसा देकर नर्स से दुष्कर्म का आरोप
- Published: 31 Jul 2026, 10:26 AM IST
- Last Updated: 31 Jul 2026, 10:26 AM IST
शाजापुर: मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में तंत्र-मंत्र के नाम पर एक नर्स के साथ कथित दुष्कर्म, धोखाधड़ी, जबरन वसूली और धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर लालघाटी थाना पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
तंत्र-मंत्र के जरिए समस्याओं को दूर करने का भरोसा
पुलिस के अनुसार पीड़िता शाजापुर के एक अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुख्य आरोपी ने पहले अपनी पहचान राजू के नाम से कराई और पारिवारिक समस्याओं को तंत्र-मंत्र के जरिए दूर करने का भरोसा दिलाया। इसी बहाने उसने पीड़िता का विश्वास जीता और बाद में कथित रूप से उसके साथ दुष्कर्म किया।
बुर्का पहनाकर जावरा और अजमेर भी ले गया
एफआईआर के अनुसार आरोपी पीड़िता को बुर्का पहनाकर जावरा और अजमेर भी ले गया, जहां उसके साथ कथित रूप से कई बार दुष्कर्म किया गया। शिकायत में यह भी आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता से लाखों रुपये वसूले और अश्लील वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर लगातार दबाव बनाया। पुलिस के मुताबिक मामले में दूसरे आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी शाकिर उर्फ राजू (44), निवासी बड़ावद, जिला उज्जैन को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से कथित रूप से वसूले गए 4.10 लाख रुपये में से 3.48 लाख रुपये और एक दोपहिया वाहन बरामद किया गया है। पीड़िता के न्यायालय में बयान भी दर्ज कराए जा चुके हैं। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी।
अश्लील हरकत करने का आरोप
मामले का खुलासा तब हुआ जब 21 जुलाई को पीड़िता के किराये के मकान पर पहुंचे आरोपी पर दो अन्य सहकर्मी नर्सों के साथ भी कथित अश्लील हरकत करने का आरोप लगा। दोनों नर्सें वहां से निकल गईं, लेकिन कुछ दिन बाद उन्होंने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता से संपर्क किया। शुरुआती हिचकिचाहट के बाद पीड़िता ने पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि धर्मांतरण या अन्य किसी अपराध से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं तो संबंधित कानूनी धाराएं भी जोड़ी जाएंगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।