MP में युवाओं के लिए 559 ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग पद: 10 हजार रुपए तक मिलेगा स्टाइपेंड; 12वीं से ग्रेजुएट तक कर सकते हैं आवेदन - Jabalpur News

Published on 24 सित॰ 2026

मध्यप्रदेश के युवाओं को विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में व्यावहारिक प्रशिक्षण और कौशल निखारने का अवसर देने के लिए मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड ने मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के तहत 559 ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग पद उपलब्ध कराए हैं।

.

डिग्री, डिप्लोमा या अन्य निर्धारित शैक्षणिक योग्यता हासिल करने के बाद रोजगार के अवसर तलाश रहे युवा कंपनी के विभिन्न कार्यालयों और विद्युत गृहों में एक वर्ष का व्यावहारिक प्रशिक्षण ले सकेंगे। पात्र प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान 8,000 से 10,000 रुपए प्रतिमाह तक स्टाइपेंड दिया जाएगा।

जल एवं ताप विद्युत गृहों में मिलेगा प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के तहत कंपनी ने प्रशिक्षण के लिए कुल 559 पद स्वीकृत किए हैं। युवाओं को जबलपुर स्थित कंपनी मुख्यालय के साथ प्रदेश के विभिन्न जल एवं ताप विद्युत गृहों में काम करते हुए व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा। इलेक्ट्रीशियन, इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी एवं सिस्टम मेंटेनेंस, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, स्टेनो (हिंदी/अंग्रेजी), सिविल इंजीनियरिंग, मानव संसाधन और अकाउंट्स सहित विभिन्न कार्यश्रेणियों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इससे युवा अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप विद्युत उत्पादन और कंपनी के अन्य कार्यक्षेत्रों की कार्यप्रणाली को करीब से समझ सकेंगे।

एक साल की ट्रेनिंग, एक महीने बाद स्टाइपेंड

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित पात्रता के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रशिक्षणार्थियों को उनकी कार्यश्रेणी और जिले के अनुसार कंपनी के विभिन्न विद्युत गृहों एवं कार्यालयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण शुरू होने के एक माह बाद पात्र प्रशिक्षणार्थियों को 8,000 से 10,000 रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलना शुरू होगा। प्रशिक्षण की कुल अवधि एक वर्ष निर्धारित की गई है।

18 से 29 वर्ष के स्थानीय युवा कर सकेंगे आवेदन

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का मध्यप्रदेश का स्थानीय निवासी होना जरूरी है। आयु 18 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। संबंधित कार्यश्रेणी के अनुसार 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा या स्नातक उत्तीर्ण होना आवश्यक है।

आवेदन प्रक्रिया 23 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 15 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इन डिपार्टमेंट में निकली है भर्ती।

इन डिपार्टमेंट में निकली है भर्ती।

ऑनलाइन पोर्टल से करना होगा आवेदन

अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के ऑनलाइन पोर्टल (https://mmsky.mp.gov.in/Web/Candidate/Registration) के माध्यम से आवेदन करना होगा।

पंजीयन के लिए समग्र आईडी और आधार की ई-केवाईसी जरूरी है। ये पद केवल प्रशिक्षण के लिए हैं, इन्हें नियमित नौकरी या स्थायी रोजगार नहीं माना जाएगा। आवेदन में किसी तरह की परेशानी या जानकारी के लिए अभ्यर्थी संबंधित जिला स्तरीय आईटीआई से संपर्क कर सकते हैं।