MP: रीवा में रफ्तार का कहर! बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत, 5 यात्रियों की मौत; 20 घायल

Published on 2 सित॰ 2026

MP: रीवा में रफ्तार का कहर! बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत, 5 यात्रियों की मौत; 20 घायल

दुर्घटनाग्रस्त बस (फाइल फोटो).

Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. गुढ़ थाना क्षेत्र के बदवार में यात्री बस और बल्कर ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन पलट गए और बस के परखच्चे उड़ गए. हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताया है. यही नहीं सीएम ने मृतकों के परिजनों को दो लाख और घायलों को एक लाख रुपए मुआवजे का ऐलान किया.

सीधी जा रही थी यात्री बस

बताया जा रहा कि यात्री बस रीवा से सीधी की ओर जा रही थी. इसी दौरान बदवार के पास सामने से आ रहे बल्कर ट्रक से बस की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क पर पलट गए. बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी और राहत-बचाव में मदद के लिए मौके पर पहुंच गए.

ये भी पढ़ें- वर्दी उतारी, मैकेनिक बने पुलिसवाले हवा भरवाने आया कातिल पति फंसा जाल में, महिला सिपाही को मारा था

पुलिस और प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद जिला कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी गुरुकरन सिंह समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए मौके पर जेसीबी भी बुलवाई गई. पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर क्षतिग्रस्त वाहनों से लोगों को बाहर निकाला. घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा गया.

5 लोगों की मौत, 20 घायल

जिला कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने हादसे में 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है. वहीं, 20 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. सभी घायलों को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

सीएम ने मुआवजे का किया ऐलान

हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है. मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 2 लाख रुपए और घायलों को एक लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की है. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा.

सादाबुद्दीन सिद्दीकी

सादाबुद्दीन सिद्दीकी

क्रिकेट का शौक. इंडिया टीवी, रिपब्लिक भारत, टाइम्स नाऊ जैसे चैनलों में 12 साल का अनुभव.

Read More

google button