UP Crime News: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शख्स अपनी ताई से प्यार करता था. वो ताई को लेकर भागना चाहता था, लेकिन महिला पर चार साल के बच्चे की जिम्मेदारी थी, तो शख्स ने एक खतरनाक योजना बनाई. उसने बच्चे को उठाया और जंगल में छोड़ आया. हालांकि, पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
ये पूरा मामला आगरा के बोदला इलाके का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, रिजवाना नाम की महिला ने गुरुवार को बोदला चौकी पर आकर शिकायत दी की उसका चार साल का भतीजा लापता हो गया है. पुलिस के अनुसार, देवर-देवरानी ने बच्चे को छोड़ दिया था. उनके दो बेटे हैं. एक पांच साल का और दूसरा चार साल का. दोनों रिजवाना के साथ रहते थे. उनकी कोई संतान नहीं है. वो दोनों की जिम्मेदारी उठा रही हैं.
सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई
पुलिस ने रिजवाना की शिकायत दर्ज कर ली और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक शख्स बच्चे को ले जाता नजरआया. इसके बाद पुलिस ने उसकी पहचान की. बच्चे को ले जाने वाले शख्स की पहचान बोदला इलाके के राहुल नगर के रहने वाले साबिर के रूप में हुई. पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने बच्चे को मलपुरा के जंगल में छोड़ दिया था. बच्चा जंगल से खुद ही खड़क पर आ गया था. बच्चा मलपुरा पुलिस को मिल गया था. पुलिस उसके परिवार वालों को तलाश कर रही थी. इधर बोदला चौकी की पुलिस आरोपी को लेकर मलपुरा इलाके में गई, जहां से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया.
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने क्या बताया?
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो रिजवाना से प्यार करता है. वो रिजवाना को लेकर भाग जाना चाहता था, लेकिन उसने उससे कहा कि उस पर दो बच्चों की जिम्मेदारी है. इसलिए उसने बच्चों को किडनैप करके गायब करने की योजना बनाई. मौका लगते ही उसने छोटे लड़के को उठा लिया. वो दूसरे बच्चे को भी गायब करने वाला था.
ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध मौत, नूडल्स खाकर सोए थे, DCP ने क्या बताया?

वरुण कुमार
वरुण कुमार पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता जगत का हिस्सा हैं. साल 2021 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद प्रभासाक्षी न्यूज वेबसाइट से पत्रकारिता की शुरुआत की और फिर एबीपी न्यूज का हिस्सा बने. अब TV9 डिजिटल की धर्म टीम के साथ काम कर रहे हैं.
Read More