Monsoon Care Tips: बारिश के मौसम में बढ़ जाती हैं पेट की बीमारियां, बचने के लिए खाएं ये 5 हेल्दी फूड्स

Published on 21 जुल॰ 2026

Monsoon Care Tips: बारिश का मौसम हमें गर्मी से राहत जरूर दिलाता है लेकिन इस दौरान हमें पेट से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है. उमस, दूषित पानी, खुले में बिकने वाली खाने-पीने की चीजें और साफ-सफाई की कमी के चलते डायरिया, फूड पॉइजनिंग, गैस, अपच, उल्टी और स्टमक इंफेक्शन हो जाता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, मानसून में हमारा पाचन तंत्र ज्यादा संवेदनशील हो जाता है, इसलिए खान-पान में थोड़ी सी भी लापरवाही सेहत को बिगाड़ सकती है. इन दिनों देश के लगभग हर राज्य में बारिश और जलभराव जैसी स्थितियां पैदा हो रही हैं. इससे मच्छर और पानी से होने वाली बीमारियों का पनपना लाजमी है. तो चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं कि मानसून में अपनी डाइट में किन चीजों को शामिल कर हम खुद को इम्यून रख सकते हैं.

बारिश में क्यों बढ़ती हैं पेट की बीमारियां?

हेल्थ एक्सपर्ट्स बताते हैं कि बारिश के मौसम में वातावरण में नमी बढ़ जाती है, जिससे बैक्टीरिया और अन्य सूक्ष्मजीवों के पनपने की संभावना बढ़ जाती है. ऐसे में जब हम दूषित पानी या संक्रमित भोजन का सेवन करते हैं तो उससे पेट के संक्रमण हो सकते हैं. डॉक्टरों का कहना है कि सड़क किनारे मिलने वाले कटे हुए फल, खुले में तैयार किए गए खाने-पीने की चीजें र्थ और लंबे समय तक रखा हुआ भोजन भी बरसात में खराब होने लगता है. इन्हें खाने से संक्रमण का खतरा बढ़ता है. इसके अलावा, बारिश के दौरान शारीरिक गतिविधियां कम होने लगती है और लोग मौसम का बहाना देकर ज्यादा तला-भुना भोजन खाने लगते हैं. इससे कब्ज, एसिडिटी और अपच की समस्या भी बढ़ जाती है. 

अपनी डाइट में शामिल करें ये 5 हेल्दी फूड्स

1.हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन

मानसून में आपको अपने खाने में खिचड़ी, मूंग दाल, दलिया और हल्की सब्जियों का सेवन करना चाहिए. ये खाद्य पदार्थ पेट पर ज्यादा बोझ नहीं डालते हैं और शरीर को जरूरी पोषण भी देते हैं. 

ये भी पढ़ें- Cold-Drink और संतरे का जूस जैसी ड्रिंक्स से बढ़ रहा कैंसर का खतरा! नई रिसर्च में हुआ बड़ा खुलासा

2.दही और प्रोबायोटिक फूड्स

हालांकि, दही ठंडी होती है इसलिए समय के अनुसार खाने की सलाह दी जाती है. मगर दही में मौजूद गुड बैक्टीरिया हमारी आंतों के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकते हैं. जिन लोगों को दूध या डेयरी उत्पादों से परेशानी होती है, उन्हें डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही इसका सेवन करना चाहिए. 

3.फाइबर से भरपूर भोजन

फाइबर हमारी पाचन क्रिया को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं. मानसून के दौरान अच्छी तरह धोकर और संभव हो तो पकाकर सब्जियों का सेवन करना बेहतर माना जाता है. फलों को भी साफ पानी से धोकर ही खाएं. 

4.पर्याप्त मात्रा में पानी

बरसाती मौसम में प्यास कम लग सकती है, लेकिन हमारे शरीर को पर्याप्त पानी की जरूरत होती है. इसलिए, इन दिनों हमेशा साफ और सुरक्षित पानी का ही सेवन करें. जरूरत पड़ने पर पानी को उबालकर या फिल्टर करके पिएं.

ये भी पढ़ें- Coffee Myths: कॉफी से जुड़े ये 5 झूठ, जिन्हें आपको आज ही भूल जाना चाहिए

5.अदरक और हल्के मसालों का सेवन करें

अदरक-हल्दी, काली-मिर्च औ लौंग जैसे मसालों का सीमित मात्रा में सेवन करना सही रहेगा. इस मौसम में ये चीजें पाचन में मदद कर सकती है. सर्दी-खांसी से बचाती हैं और इम्यूनिटी को मजबूत करती हैं. हालांकि, ज्यादा तेज मसाले वाली और तैलीय भोजन खाने से बचना चाहिए. 

मानसून में पिएं ये हेल्दी ड्रिंक्स 

  • गुनगुना पानी
  • नींबू पानी (साफ पानी से बना हुआ)
  • नारियल पानी
  • अदरक-तुलसी की हर्बल टी
  • हल्दी वाला दूध (रात में)

बरसात में डिहाइड्रेशन के शुरुआती संकेत

  • बार-बार प्यास लगना
  • मुंह सूखना
  • चक्कर आना
  • कमजोरी
  • पेशाब का रंग गहरा होना

कुछ सावधानियां बरतना जरूरी हैं

डॉक्टरों का मानना है कि मानसून के दौरान पेट की बीमारियों से बचने के लिए सबसे जरूरी है कि व्यक्ति भोजन और पानी की स्वच्छता पर ज्यादा से ज्यादा ध्यान दे. घर का ताजा और अच्छी तरह पका हुआ भोजन खाएं. खुले में रखे खाने-पीने की चीजों, कटे हुए फलों और कहीं से भी या खुला पानी पीने से बचें. घर से पानी साथ लेकर जाएं या फिर सील पैक बोतल से पानी पिएं.

Monsoon Care Tips
Monsoon Care Tips Photograph: (ai-generated)

डॉक्टरी सलाह का पालन जरूर करें

यदि किसी को लगातार उल्टी, दस्त, तेज पेट दर्द, बुखार या शरीर में पानी की कमी जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं तो उसे बिना देरी किए डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून में हमें अपने हाथों की स्वच्छता का भी विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए. खाना खाने से पहले और शौचालय के बाद साबुन से हाथ जरूर धोएं. खाने को ढककर रखें और बचे हुए खाने को लंबे समय तक रूम के तापमान पर न रखें.

खुद से दवाएं बिल्कुल न लें

बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक मेडिसिन या दस्त रोकने वाली दवाएं लेने से बचना चाहिए. बारिश के मौसम में थोड़ी सावधानी और संतुलित खान-पान अपनाकर भी आप पेट से जुड़ी कई समस्याओं से बच सकते हैं. ताजा, साफ और हल्का भोजन इस मौसम में आपके पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त होता है.

किन लोगों को बरतनी चाहिए ज्यादा सावधानी?

  1. छोटे बच्चे
  2. 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग
  3. गर्भवती महिलाएं
  4. डायबिटीज और किडनी रोगी
  5. कमजोर इम्यूनिटी वाले लोग

ये भी पढ़ें- Monsoon Care Tips: बारिश में भीगते ही हो गया सर्दी-जुकाम, अदरक-हल्दी की ये चाय दिलाएगी राहत, नोट करें रेसिपी 

Disclaimer: यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें.