
मोहम्मद सिराज के लिए दलीप ट्रॉफी फाइनल अच्छा नहीं रहाImage Credit source: PTI
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज अचानक से टीम मैनेजमेंट और फैंस के बीच चिंता का कारण बन गए हैं. बिना रुके, बिना थके और पूरा जोर लगाकर तेज रफ्तार से गेंदबाजी के लिए अपनी पहचान बना चुके सिराज एकदम बदले हुए नजर आ रहे हैं. पहले श्रीलंका दौरे पर उनकी गेंदबाजी एकदम ढीली-ढाली गेंदबाजी नजर आई, जिससे फिटनेस को लेकर सवाल उठे. अब दलीप ट्रॉफी में भी उनकी धार और रफ्तार एकदम कुंद रही, जिसने हैरान और परेशान कर दिया. हर कोई इसे लेकर अपना-अपना अंदाजा लगा रहा है. मगर सिराज ने खुद इस हालत की वजह बता दी है और ये है- लंबा आराम.
अचानक बिगड़ गई सिराज की लाइन
दलीप ट्रॉफी फाइनल में साउथ जोन के लिए खेलते हुए स्टार पेसर सिराज एकदम बेअसर नजर आए. पहली पारी में सिराज ने 25 ओवर का लंबा स्पैल किया लेकिन इस दौरान उन्हें कोई विकेट नहीं मिला और उन्होंने 140 रन लुटा दिए. इस दौरान सिराज को न तो स्विंग ही मिली और न ही उनकी गेंद सीम हो रही थी. मगर इससे भी ज्यादा परेशान करने वाला पहलू ये था कि सिराज की रफ्तार लगातार 125 से 130 किलोमीटर प्रतिघंटा (kmph) के बीच रही, जबकि आम तौर पर वो लगातार 135 से 140 या 145 kmph की रफ्तार से बॉलिंग करते हैं.
सिराज का ये हाल श्रीलंका दौरे पर भी नजर आया था, जहां कोलंबो टेस्ट मैच में खास तौर पर उनकी धीमी रफ्तार ने ध्यान खींचा था. तब से ही ये सवाल उठ रहा था कि कहीं सिराज फिटनेस के मामले में तो नहीं पिछड़ रहे. हालांकि, तब कप्तान शुभमन गिल ने कहा था कि सिराज को पर्याप्त मैच प्रैक्टिस हासिल नहीं हुई थी. यही वजह है कि वो दलीप ट्रॉफी फाइनल खेलने पहुंचे लेकिन इस फाइनल में भी स्थिति वैसी ही थी. इस फाइनल के बाद सिराज ने खुद खुलासा किया कि ऐसी स्थिति की वजह उनका लंबा ब्रेक था.
लंबे आराम को दिया सिराज ने दोष
फाइनल के बाद मीडिया से बात करते हुए सिराज ने कहा, “करीब दो महीने के आराम के बाद सीधे मैच खेलना आसान नहीं था और मैं पूरी तरह से लय हासिल नहीं कर पाया. मैं पूरी तरह से लय पर निर्भर रहने वाला बॉलर हूं. अगर मैं रिदम में नहीं हूं, तो अपना बेस्ट नहीं कर सकता. श्रीलंका में यही परेशानी थी. मैं रनअप से तालमेल नहीं बिठा पा रहा था. कुछ कदम छोटे तो कुछ लंबे पड़ रहे थे. इससे मेरी लय टूट गई और मेरी स्पीड कम हो गई.”
हालांकि दलीप ट्रॉफी फाइनल की दूसरी पारी में सिराज ज्यादा बेहतर लय में दिखे और उनकी लाइन सटीक आ रही थी. इसका नतीजा उनके आंकड़ों में भी दिखा. न सिर्फ सिराज को एक विकेट मिला बल्कि 16 ओवर में उन्होंने सिर्फ 47 रन लुटाए. इसका जिक्र भी उन्होंने किया और कहा कि वो पहले जैसी रफ्तार से बॉलिंग करने लगे हैं और भले ही इस फाइनल में उन्हें ज्यादा विकेट नहीं मिले लेकिन इसका फायदा उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट में पहुंचेगा.
वेस्टइंडीज सीरीज में दिखेगा सिराज का दम?
आपको बता दें कि सिराज ने आईपीएल 2026 के तुरंत बाद जून में ही भारत-अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच में हिस्सा लिया था. इस मैच के बाद सिराज 2 महीने से ज्यादा वक्त तक किसी भी मैच से दूर रहे और उनकी वापसी सीधे 19 अगस्त को भारत-श्रीलंका टेस्ट से हुई थी. अब दलीप ट्रॉफी फाइनल के बाद सिराज की वापसी सीधे 27 सितंबर से भारत-वेस्टइंडीज के बीच होने वाली वनडे सीरीज में हो सकती है. ऐसे में नजरें रहेंगी कि क्या फिर से वो इस ब्रेक में बिखर जाते हैं या अपनी लय बरकरार रखते हैं.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More