MLC अशोक कटारिया बोले- प्रदर्शनकारियों में स्टूडेंट नहीं: कहा- कम्युनिस्ट-नक्सली आंदोलन चलाने वाले भाजपा सरकार आने से बेघर हुए - Sambhal News

Published on 22 जुल॰ 2026

सनी गुप्ता, संभल5 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

भारतीय जनता पार्टी ने संभल में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत चारों विधानसभाओं का बूथ सम्मेलन आयोजित किया। ये कार्यक्रम बुधवार दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक अलग-अलग स्थानों पर हुए।

संभल विधानसभा का बूथ सम्मेलन दुर्गा कॉलोनी स्थित एक बैंक्वेट हॉल में हुआ, जिसमें एमएलसी और यूपी सरकार के पूर्व मंत्री अशोक कटारिया शामिल हुए। असमोली में एमएलसी गोपाल अंजान, गुन्नौर में एमएलसी सत्यपाल सिंह सैनी और चंदौसी में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव मौजूद रहे।

इन कार्यक्रमों में शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी (चंदौसी), पूर्व विधायक अजीत कुमार राजू (गुन्नौर), क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल (संभल) और पूर्व प्रत्याशी चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू (असमोली) भी उपस्थित थे। सभी नेताओं ने 2027 में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से अभी से तैयारी में जुटने का आह्वान किया।

विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत चारों विधानसभाओं में बूथ सम्मेलन का आयोजन किया गया।

विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत चारों विधानसभाओं में बूथ सम्मेलन का आयोजन किया गया।

एमएलसी अशोक कटारिया ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि इन प्रदर्शनकारियों में कोई विद्यार्थी नहीं है और उन्हें 'कॉकरोच' बताया। कटारिया ने देश में एक विशेष माहौल बनाने की कोशिश पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे 'सिरफिरे लोग' देश को मानसिक रूप से कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि ऐसे एकजुट विरोधी, चाहे कितनी भी संख्या में हों, वर्तमान सरकार का सामना नहीं कर पाएंगे। आंदोलन में सपा-कांग्रेस-आप (आपिए-पापीपिए) जैसे दल शामिल हो गए हैं। उनके अनुसार, इन दलों के शामिल होने से प्रदर्शनकारियों का "असली चेहरा बेनकाब" हो गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद "बेघर" हुए कम्युनिस्ट और नक्सली आंदोलन चलाने वाले लोग भी इस प्रदर्शन में एकजुट हो गए हैं। कटारिया ने विशेष रूप से बंगाल, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) और केरल से जुड़े कम्युनिस्टों का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि कौरव चाहे 100 हों या हजार-लाख हो जाएं, पांच पांडवों के बल का सामना कभी नहीं कर पाएंगे, किसी युग में नहीं कर पाएंगे। पांच ही पांडव हर युग में कौरवों को हराएंगे। आज हम पांच पांडव नहीं हैं, करोड़ों पांडव हैं, हम असंख्य पांडव हैं, हमसे टकराने का जो प्रयास कर रहे हैं, वे अपना नुकसान कराएंगे।

कार्यक्रम में विधानसभा संयोजक सौरभ गुप्ता मुखिया, पूर्व प्रत्याशी डॉ. अरविंद गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष भीष्म शर्मा, डॉ. नरेंद्र सिंह जिला महामंत्री शिल्पी गुप्ता, मीडिया प्रभारी मुकुल रस्तोगी, संजय सांख्यधर, जयप्रकाश गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष गणेश शर्मा, नामित सभासद गोपाल शर्मा, सुरेश अटल, शोभित गुप्ता, आलोक भारती, हिमांशु कश्यप आदि 200 से अधिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

.