मेजर लीग 2026 के एलिमिनेटर में वॉशिंगटन फ्रीडम ने 267 रन का रिकॉर्ड लक्ष्य हासिल कर MI न्यूयॉर्क को 6 विकेट से हराया। इस दौरान शतक के करीब पहुंचे स्टीव स्मिथ और कायरान पोलार्ड के बीच मैदान पर तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। पोलार्ड ने गेंद स्मिथ की ओर फेंकी, जिसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस हुई।
pollard smith fight
- Published: 16 Jul 2026, 03:49 PM IST
- Last Updated: 16 Jul 2026, 03:49 PM IST
मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में वॉशिंगटन फ्रीडम ने रिकॉर्ड रन चेज करते हुए एमआई न्यूयॉर्क को छह विकेट से हरा दिया। इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में जहां स्टीव स्मिथ और एंड्रीज गौस की विस्फोटक बल्लेबाजी ने सभी का ध्यान खींचा, वहीं मैदान पर स्मिथ और किरोन पोलार्ड के बीच हुई तीखी बहस भी चर्चा का बड़ा विषय बन गई।
ओकलैंड में खेले गए इस मुकाबले में एमआई न्यूयॉर्क ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 266 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और वॉशिंगटन फ्रीडम के सामने 267 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए वॉशिंगटन की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने शुरुआती तीन ओवर में सिर्फ 10 रन पर दो विकेट गंवा दिए।
Kieron Pollard vs Steve Smith | Polly wanted the smoke 😳💨🔥 pic.twitter.com/A55cPRhDaT
— That's Cricket (@thatscricketjm) July 16, 2026
इसके बाद कप्तान स्टीव स्मिथ और विकेटकीपर बल्लेबाज एंड्रीज गौस ने पारी संभाली और मैच का पूरा रुख बदल दिया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी करते हुए टीम को शानदार जीत दिलाई। गौस ने 132 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि स्मिथ 48 गेंदों में 110 रन बनाकर नाबाद लौटे।
इसी दौरान मुकाबले के 18वें ओवर में मैदान पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। स्मिथ उस समय 91 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। किरोन पोलार्ड अपना पहला ओवर डाल रहे थे, जिसमें पहले ही 21 रन खर्च कर चुके थे। ओवर की आखिरी गेंद फेंकने के बाद पोलार्ड ने गेंद उठाकर स्मिथ की दिशा में जोर से फेंक दी। गेंद पिच पर टप्पा खाने के बाद स्मिथ के सिर के ऊपर से निकल गई।
इसके बाद पोलार्ड ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज की ओर कुछ तीखे शब्द भी कहे। स्मिथ ने भी जवाब दिया, लेकिन वह मुस्कुराते हुए नजर आए। दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ देर तक बहस चलती रही। हालांकि, मैदान पर मौजूद अंपायर पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थे और मामला आगे नहीं बढ़ने दिया।
इस मुकाबले में वॉशिंगटन फ्रीडम ने 18.4 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और टी20 क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज दर्ज किया। अब वॉशिंगटन फ्रीडम का सामना चैलेंजर मुकाबले में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स से होगा। इस मैच की विजेता टीम फाइनल में लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स से भिड़ेगी।