Mirzapur The Movie के 10 दिन: दूसरे रविवार हल्की सी गिरावट, लेकिन कमाई हुई 250 करोड़ पार

Published on 14 सित॰ 2026

पंकज त्रिपाठी और रवि किशन स्टारर ‘मिर्जापुर द मूवी’ की बॉक्स ऑफिस रफ्तार दूसरे हफ्ते में भी कायम है। दूसरे रविवार मामूली सी गिरावट ज़रूर हुई, लेकिन फिल्म ने दुनियाभर में बड़ा पड़ाव पार कर लिया है।

‘मिर्जापुर द मूवी’ की बॉक्स ऑफिस पर पकड़ दूसरे हफ्ते में भी कमजोर पड़ती नहीं दिख रही है। पंकज त्रिपाठी और अली फजल स्टारर इस फिल्म ने शुरुआत से ही दर्शकों का ध्यान खींचा और अब दूसरे वीकेंड में भी इसकी कमाई ने रफ्तार बनाए रखी है। हालांकि, दूसरे रविवार फिल्म की कमाई में हल्की सी गिरावट देखने को मिली। खास बात यह है कि सिनेमाघरों में लगातार मिल रहे रिस्पॉन्स ने फिल्म को फ्रेंचाइजी की एक और मजबूत कड़ी बना दिया है। फिल्म में ‘मिर्जापुर’ की दुनिया के कई पसंदीदा किरदार लौटे हैं, वहीं कहानी को उसी टाइमलाइन में रखा गया है, जिसे दर्शक पहले से जानते हैं।

'मिर्जापुर द मूवी' का 10वें दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

सैकनिल्क के मुताबिक, ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने 10वें दिन भारत में 13.25 करोड़ रुपए नेट कमाए। यह इसके 9वें दिन के कलेक्शन (13.50 करोड़ रुपए) के मुकाबले 1.9 फीसदी कम है। रविवार को इस का प्रदर्शन देशभर में 7,225 शोज में हुआ और इसकी ओवरऑल ऑक्यूपेंसी 45.53 फीसदी रही। सुबह से रात तक शोज में फिल्म की ऑक्यूपेंसी कुछ इस प्रकार रही :-

  • सुबह के शो : 19.92%
  • दोपहर के शो : 53.00%
  • शाम के शो : 57.15%
  • रात के शो : 45.46%
  • ओवरऑल ऑक्यूपेंसी : 45.53%

यह भी पढ़ें : 'हनुमान अंश' ने 38वें दिन किया बड़ा धमाका, 250 करोड़ के पार पहुंची कुल कमाई

10 दिन में कितना हुआ 'मिर्जापुर द मूवी' का कुल कलेक्शन?

10 दिन बाद 'मिर्जापुर द मूवी' का भारत में नेट कलेक्शन 184.70 करोड़ रुपए हो गया है, जबकि ग्रॉस कमाई 220.04 करोड़ रुपए तक पहुंच गई। दूसरे रविवार को इस फिल्म ने विदेशों से लगभग 4 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया, जिसके चलते टोटल ओवरसीज कमाई 46 करोड़ रुपए हो गई है। कुल मिलाकर वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म ने 266.04 करोड़ रुपए कमा डाले हैं।

'मिर्जापुर द मूवी' का दिन/हफ्ते वार कलेक्शन

  • पहला हफ्ता : 148.45 करोड़ रुपए
  • 8वां दिन (दूसरा शुक्रवार) : 9.50 करोड़ रुपए
  • 9वां दिन (दूसरा शनिवार): 13.50 करोड़ रुपए
  • 10वां दिन (दूसरा रविवार) : 13.25 करोड़ रुपए
  • भारत में टोटल नेट कलेक्शन : 184.70 करोड़ रुपए
  • भारत में टोटल ग्रॉस कलेक्शन : 220.04 करोड़ रुपए
  • विदेशी में ग्रॉस कलेक्शन : 46 करोड़ रुपए
  • वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन : 266.04 करोड़ रुपए

यह भी पढ़ें : Haiwaan Collection Day 3: अक्षय कुमार की 'हैवान' 3 दिन में ही डिजास्टर, रविवार को 2 CR से नीचे सिमटी

मिर्जापुर द मूवी की कहानी क्या है?

‘मिर्जापुर द मूवी’ वेब सीरीज का सीधा सीक्वल नहीं है, बल्कि इसे इंटरक्वेल के तौर पर पेश किया गया है। कहानी ‘मिर्जापुर’ के पहले सीजन की घटनाओं के बीच, खास तौर पर छठे और सातवें एपिसोड के बीच सेट है। पंकज त्रिपाठी फिर अखंडानंद त्रिपाठी यानी कालीन भैया के किरदार में हैं। अली फजल गुड्डू पंडित और दिव्येंदु मुन्ना त्रिपाठी के रूप में लौटे हैं। श्वेता त्रिपाठी शर्मा गजगामिनी ‘गोलू’ गुप्ता का किरदार निभा रही हैं।

फिल्म की कहानी में मिर्जापुर की सत्ता को लेकर संघर्ष के बीच जैसलमेर से आए कारोबारी बब्बन बाबुआ यादव की एंट्री होती है। रवि किशन ने इस खतरनाक किरदार को निभाया है, जो कहानी के टकराव को नया मोड़ देता है। फिल्म में जितेंद्र कुमार, मोहित मलिक, सोनल चौहान और सुशांत सिंह भी अहम भूमिकाओं में हैं।