दिल्ली में MCD का बड़ा एक्शन: सैनिक फार्म्स समेत 12 जोन में 33 अवैध निर्माण ध्वस्त, 5 संपत्तियां सील

Published on 12 सित॰ 2026

दिल्ली में MCD का बड़ा एक्शन: सैनिक फार्म्स समेत 12 जोन में 33 अवैध निर्माण ध्वस्त, 5 संपत्तियां सील

दिल्ली में MCD का बड़ा एक्शनImage Credit source: PTI (फाइल फोटो)

एमसीडी ने दिल्ली के सभी 12 जोनों में खतरनाक इमारतों, अनधिकृत निर्माणों और दिल्ली के मास्टर प्लान (MPD) और बिल्डिंग बाय-लॉ (भवन उप-नियमों) के उल्लंघनों के खिलाफ अपना सघन प्रवर्तन अभियान जारी रखा है. शनिवार को चलाए गए सघन प्रवर्तन अभ्यास के तहत एमसीडी के सभी 12 जोनों में 33 डिमोलिशन (ध्वस्तीकरण) की कार्रवाई की गई. इसके अलावा बिल्डिंग मानदंडों और अन्य लागू प्रावधानों के उल्लंघन के खिलाफ 5 संपत्तियों को सील किया गया और 29 को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए.

एमसीडी ने शुक्रवार को भी एक व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया था, जिसके दौरान दिल्ली के मास्टर प्लान और बिल्डिंग बाय-लॉ के उल्लंघन पर 25 संपत्तियों को ध्वस्त किया गया था और 4 अन्य संपत्तियों को सील किया गया था.

रोहिणी में डिमोलिशन की कार्रवाई

शनिवार के अभियान के दौरान नॉर्थ जोन के नेहरू विहार और गांधी विहार में विशेष रूप से खतरनाक इमारतों के खिलाफ प्रमुख डिमोलिशन कार्रवाई की गई. नॉर्थ वेस्ट जोन के रोहिणी सेक्टर-3 में डिमोलिशन कार्रवाई की गई, जहां तीसरी मंजिल की छत पर कमरे के ऊपर बने आरसीसी पैनल को तोड़ा गया और गैस कटर का उपयोग करके सुदृढ़ीकरण (रीइन्फोर्समेंट) को भी काटा गया. इसके अलावा विजय विहार और रोहिणी के सेक्टर 15 और 16 में भी कार्रवाई की गई.

साउथ जोन में सतबरी और सैनिक फार्म्स में प्रवर्तन कार्रवाई की गई. नॉर्थ ईस्ट जोन में भजनपुरा, सोम बाजार, साउथ गामड़ी, ईस्ट रोहतास नगर और शाहदरा में कार्रवाई की गई. साउथ वेस्ट जोन में द्वारका और काकरोला में डिमोलिशन की कार्रवाई की गई. वेस्ट जोन में तिहाड़ गांव, राजौरी गार्डन एक्सटेंशन और पश्चिम विहार में कार्रवाई की गई, जबकि सेंट्रल जोन के जोगाबाई एक्सटेंशन, जामिया नगर में प्रवर्तन कार्रवाई को अंजाम दिया गया.

दिल्ली भर में PG भवनों का व्यापक सर्वेक्षण

अपनी निरंतर प्रवर्तन और नियामक पहल के तहत एमसीडी ने पूरी दिल्ली में पेइंग गेस्ट (PG) आवास भवनों का एक व्यापक व्यापक फील्ड सर्वे (क्षेत्रीय सर्वेक्षण) शुरू किया है. अब तक किए गए सर्वेक्षण के तहत लगभग 2251 भवनों की पहचान की गई है, जहां PG सुविधाएं संचालित हो रही हैं, जिनमें लगभग 47,000 लोग रह रहे हैं. MCD फील्ड सर्वे के दौरान इकट्ठा की गई डिटेल्स को समेकित कर रही है और लागू नियमों और विनियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करेगी.

एमसीडी ने दोहराया है कि खतरनाक इमारतों, अनधिकृत निर्माणों और एमपीडी और बिल्डिंग बाय-लॉ के अन्य उल्लंघनों के खिलाफ सख्त प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी. निगम भवन नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने और सार्वजनिक सुरक्षा की रक्षा के लिए नियमित निरीक्षण कर रहा है और जरूरी कार्रवाई कर रहा है.

ये भी पढ़ें: 252 में ताला, 100 को नोटिस…बंगाल में मदरसों के खिलाफ CM सुवेंदु अधिकारी का बड़ा एक्शन

जीतेन्द्र भाटी

जीतेन्द्र भाटी

करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.

Read More

google button