इस साल MBBS की 2925 सीटें बढ़ेंगी! संसद में सरकार ने 1,39,864 सीटों की दी जानकारी

Published on 7 अग॰ 2026

MCC NEET UG 2026 Counseling में शामिल होने जा रहे कैंडिडेट्स के लिए बड़ा अपडेट है. मेडिकल काउंसिल कमेटी (MCC) ने नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) MBBS सीट मैट्रिक्स 2026 के तहत MBBS की सीटों में एडमिशन के लिए काउंसलिंग प्रोसेस शुरू किया है. इस बीच केंद्र सरकार ने संसद में MBBS की सीटों की जानकारी दी है. जिसमें सरकार ने संसद को बताया है कि देश में अभी MBBS की 1,39,864 सीटें हैं. इसके बाद से संभावनाएं लगाई जा रही हैं कि इस सेशन में MBBS की 2925 सीटें बढ़ सकती हैं, जिसके तहत NMC जल्द ही संशोधित सीट मैट्रिक्स जारी करेगा.

23 नए मेडिकल कॉलेज, 2925 सीटें बढ़ेंगी

NMC ने 13 जुलाई 2026 को MBBS सीट मैट्रिक्स 2026 जारी किया था. NMC ने एकेडमिशन सेशन 2026-26 में MBBS की 136939 सीटों पर एडमिशन आमंत्रित किए हैं, ये सीटें देशभर के 823 मेडिकल काॅलेजों में हैं. इस बीच शुक्रवार को संसद में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने मौजूदा समय में MBBS व मेडिकल कॉलेजों की जानकारी साझा की है, जिसके तहत इस समय 846 मेडिकल कॉलेज हैं और इसमें MBBS की 1,39,864 सीटें हैं. इस तरह देखें तो 23 नए मेडिकल कॉलेज इस सेशन में शुरू होने की उम्मीद है, जिनमें MBBS की 2925 सीटें बढ़ेंगी.

12 सालों में मेडिकल कॉलेजों की संख्या में 118 % की बढ़ोतरी

संसद में एक सवाल के जवाब में केंद्रीय परिवार व स्वास्थ्य कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 12 सालों में देश के अंदर मेडिकल कॉलेजों की संख्या 118.6% बढ़ी है. 2014 से पहले देश में 387 मेडिकल कॉलेज थे और वर्तमान में 846 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं.

MBBS सीटों की संख्या 172% बढ़ी

केंद्रीय परिवार व स्वास्थ्य कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने संसद को बताया कि MBBS सीटों की संख्या 172.4% बढ़ी है. 2014 से पहले MBBS की 51,348 सीटें थी और वर्तमान में 1,39,864 सीटें हैं. इसी तरह, PG सीटों की संख्या 176.9% बढ़ी है. 2014 से पहले मेडिकल पीजी की सीटें 31,185 थी और वर्तमान में 86,360 है.

बिहार में 35 फीसदी बढ़ी मेडिकल कॉलेजों की संख्या

केंद्रीय परिवार व स्वास्थ्य कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने संसद को बताया कि बिहार में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 35% बढ़ी है. पहले जहां बिहार में 20 मेडिकल कॉलेज थे. मौजूदा समय में 27 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं, जबकि पिछले पांच वर्षों के दौरान MBBS सीटों की संख्या 77.4% बढ़ी है. पहले MBBS की 2,415 सीटें थी. वर्तमान में MBBS की 4,285 सीटें हैं.

मनोज भट्ट

मनोज भट्ट

पत्रकारिता में एक दशक से अध‍िक समय से सक्रिय. नवोदय टाइम्स, दैनिक जागरण, हिंदुस्तान में लंबे समय तक फील्ड रिपोर्टिंग. कई मुद्दों व खबरों को लीड किया, जो चर्चा में रही. अभी तक पंचायत, कृषि, प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा, राजनीति, पर्यावरण, स्वास्थ्य, चुनाव, बिजनेस से जुड़े विषयों पर काम किया है और इनमें लेखन की दिलचस्पी है.

Read More

google button