Manav Suthar: सिर्फ 2 टेस्ट में मानव सुथार ने जो किया, बुमराह-शमी जैसे कई दिग्गज कभी नहीं कर सके

Published on 19 अग॰ 2026

Manav Suthar: सिर्फ 2 टेस्ट में मानव सुथार ने जो किया, बुमराह-शमी जैसे कई दिग्गज कभी नहीं कर सके

मानव सुथार ने दूसरी पारी में 6 विकेट झटक लिए.Image Credit source: PTI

टीम इंडिया ने श्रीलंका के चुनौतीपूर्ण दौरे की शुरुआत जबरदस्त जीत के साथ की है. गॉल में खेले गए टेस्ट सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम ने मेजबान श्रीलंका को 165 रन के बड़े अंतर से हरा दिया. इसके साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है. टीम इंडिया की इस जीत में बड़ी भूमिका निभाई बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने, जिन्होंने कुछ ऐसा किया जो बड़े-बड़े दिग्गज गेंदबाज अपने पूरे करियर में नहीं कर पाए हैं और इसमें जसप्रीत बुमराह जैसा नाम भी शामिल है. ये कमाल है एक टेस्ट मैच में 10 विकेट लेना.

दूसरी पारी में 6, मैच में 10 विकेट

गॉल टेस्ट मैच के आखिरी दिन बुधवार 19 अगस्त को टीम इंडिया ने दूसरी पारी में श्रीलंका को सिर्फ 206 रन पर ढेर कर दिया. इस तरह भारतीय टीम ने मैच अपने नाम कर लिया. दूसरी पारी में भी श्रीलंका को निपटाने में युवा स्पिनर सुथार का बड़ा हाथ था. सुथार ने इस पारी में 55 रन देकर सबसे ज्यादा 6 विकेट हासिल किए. इस पारी के आखिरी 4 विकेट तो सुथार ने सिर्फ 10 गेंदों के अंदर झटके, जिसमें से 3 एक ही ओवर में आए थे.

सुथार ने ही इस मैच की पहली पारी में 4 विकेट लिए थे. इस तरह मैच में उनके नाम कुल 10 विकेट हो गए. इसके साथ ही अपने दूसरे टेस्ट मैच में ही सुथार ने ये कमाल करते हुए कई दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया. विश्व क्रिकेट में कई ऐसे बड़े गेंदबाज हुए हैं, जिन्होंने ढेर सारे विकेट लिए हैं, कई बार एक पारी में 5 विकेट लेने का कमाल किया लेकिन एक मैच की दोनों पारियों को मिलाकर कभी भी 10 विकेट नहीं ले सके.

दर्जनों दिग्गज गेंदबाज नहीं कर सके ये कमाल

टीम इंडिया के दिग्गज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी हों या फिर ऑस्ट्रेलिया के ब्रेट ली, जॉश हेजलवुर और जेसन गिलेस्पी, यहां तक कि गैरी सोबर्स और जोएल गार्नर जैसे घातक विंडीज गेंदबाज भी अपने पूरे करियर में कभी भी एक टेस्ट मैच में 10 विकेट नहीं ले सके. मगर राजस्थान से आने वाले सुथार ने सिर्फ दूसरे टेस्ट मैच में ही ये कमाल करते हुए अपने नाम खास उपलब्धि दर्ज करवा ली.

2 टेस्ट में दूसरी बार बरपाया कहर

सुथार के टेस्ट करियर में 4 पारियों में ये दूसरी बार है, जब उन्होंने एक पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं. इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट मैच में भी सुथार ने एक पारी में 6 विकेट लिए थे. उस मैच में उन्होंने कुल 7 विकेट लिए थे. इस तरह अभी तक अपने 2 टेस्ट मैच में सुथार ने सिर्फ 11.35 की औसत से 17 विकेट हासिल कर लिए हैं.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button