Mahakali Teaser Out: 'महाकाली' का टीजर देख रोंगटे खड़े हो जाएंगे, शुक्राचार्य बने अक्षय खन्ना ने मचाई तबाही

Published on 24 अग॰ 2026

Time Published: Monday, August 24, 2026, 15:29 [IST]

Mahakali Teaser Out: बॉलीवुड के 'रहमान डैकत' यानी एक्टर अक्षय खन्ना इस समय सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। दरअसल अक्षय खन्ना की अपकमिंग फिल्म 'महाकाली' का बहुप्रतीक्षित टीजर आज यानी 24 अगस्त 2026 (सोमवार) को रिलीज कर दिया गया है और इसकी पहली झलक ने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर दी है। 'धुरंधर' में अपने दमदार अभिनय से छाप छोड़ने के बाद अब अक्षय खन्ना एक बिल्कुल अलग और खौफनाक अवतार में नजर आ रहे हैं।

2 मिनट 53 सेकेंड के महाकाली के टीजर ने लोगों के उड़ाए होश
प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स की इस फिल्म में अक्षय खन्ना असुरों के गुरु शुक्राचार्य का रोल निभा रहे हैं। करीब 2 मिनट 53 सेकेंड का ये टीजर रहस्य, युद्ध और पौराणिक घटनाओं से भरी एक ऐसी दुनिया की झलक देता है, जहां देवताओं और असुरों के बीच संघर्ष अपने चरम पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। टीजर में अक्षय खन्ना का शुक्राचार्य अवतार सबसे ज्यादा ध्यान खींचता है। वहीं आखिरी कुछ पलों में भूमि शेट्टी के महाकाली रूप की झलक दर्शकों के रोंगटे खड़े कर देती है।

Mahakali Teaser Out

8 जनवरी 2027 को रिलीज होगी 'महाकाली'

मेकर्स ने फिल्म का टीजर जारी करने के साथ ही इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। आपको बता दें कि फिल्म 'महाकाली' मूवी 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की पहली झलक से साफ है कि मेकर्स भारतीय पौराणिक कथाओं को बड़े और भव्य सिनेमाई पैमाने पर पेश करने की तैयारी में हैं।

धर्म-अधर्म के बीच छिड़ेगा महायुद्ध

'महाकाली' का टीजर केवल अच्छाई और बुराई की पारंपरिक लड़ाई तक सीमित नजर नहीं आता। कहानी में देवताओं और असुरों के बीच पुराने संघर्ष को एक नए और बड़े पैमाने पर दिखाने की कोशिश की गई है। टीजर में शुक्राचार्य के नेतृत्व में असुरों की शक्ति और उनके आक्रोश की झलक मिलती है। असुरों का मानना है कि जिस तरह से उनके साथ व्यवहार किया गया, वह धर्म है या अधर्म है। यही सवाल इस कहानी के संघर्ष की बुनियाद बनता दिखाई देता है।

विष्णु पर धोखा देने का आरोप लगाते हैं शुक्राचार्य

टीजर की शुरुआत शुक्राचार्य की तपस्या से होती है। वह एक पैर पर खड़े होकर साधना करते नजर आते हैं। इसके बाद वह समुद्र मंथन से लेकर देवताओं और असुरों के बीच हुए संघर्ष का जिक्र करते हैं। शुक्राचार्य सवाल उठाते हैं कि जब समुद्र मंथन में देवताओं और असुरों ने समान रूप से मेहनत की तो अमृत केवल देवताओं को क्यों दिया गया। वह इंद्र के सिंहासन पर असुरों के अधिकार और उन्हें पाताल लोक भेजे जाने का भी सवाल उठाते हैं। इन घटनाओं के जरिए शुक्राचार्य देवताओं के फैसलों को कटघरे में खड़ा करते हुए धर्म और अधर्म की परिभाषा पर सवाल उठाते दिखाई देते हैं।

14 दिन बाद असुरों के विजयघोष का ऐलान

टीजर में शुक्राचार्य का किरदार एक बड़े युद्ध का ऐलान करता है। वह दावा करता है कि सिर्फ 14 दिनों में असुरों की जीत का उद्घोष सुनाई देगा और असुर हमेशा के लिए स्वतंत्र हो जाएंगे। इसके बाद वह रक्तबीज को मानवजाति के विनाश का आदेश देता नजर आता है। अक्षय खन्ना ने इस पूरे सीक्वेंस में अपने हाव-भाव और संवाद अदायगी से किरदार में भय और रहस्य का प्रभाव पैदा किया है।

भूमि शेट्टी के महाकाली अवतार ने खींचा ध्यान

जहां टीजर में अक्षय खन्ना का शुक्राचार्य अवतार पूरी तरह छाया हुआ है, वहीं क्लाइमैक्स के कुछ सेकेंड में भूमि शेट्टी की झलक कहानी को एक अलग मोड़ देती है। वह महाकाली के रूप में नजर आती हैं और उनके इस अवतार की पहली झलक बेहद रहस्यमयी और प्रभावशाली है। वहीं एक सीन में भूमि शेट्टी एक बच्ची को गोद में लिए दिखाई देती हैं। उनके महाकाली रूप की ये छोटी सी झलक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।

अक्षय खन्ना की तारीफ कर रहे फैंस

टीजर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर अक्षय खन्ना के लुक और अभिनय को लेकर जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कई यूजर्स उनके शुक्राचार्य अवतार की तारीफ कर रहे हैं। कुछ दर्शकों ने इसे रोंगटे खड़े कर देने वाला बताया जबकि कई लोगों का कहना है कि अक्षय खन्ना हर नए प्रोजेक्ट के साथ खुद को और बेहतर साबित कर रहे हैं।

प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स की दूसरी फिल्म है 'महाकाली'

जानकारी के अनुसार 'महाकाली' प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स यानी PVCU की दूसरी फिल्म है। इस सिनेमैटिक यूनिवर्स की शुरुआत साल 2024 में रिलीज हुई 'हनु-मैन' से हुई थी। प्रशांत वर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला था और ये बड़ी सफल फिल्मों में शामिल हुई।

अब इसी यूनिवर्स का विस्तार 'महाकाली' के जरिए किया जा रहा है। फिल्म का निर्देशन पूजा अपर्णा कोल्लूरु कर रही हैं जबकि इसकी कहानी प्रशांत वर्मा ने लिखी है। इस फ्रैंचाइजी में आगे 'अधीरा' और 'जय हनुमान'जैसी फिल्मों को भी शामिल किया जाएगा।

'महाकाली' दमदार की स्टारकास्ट और रिलीज डेट

'महाकाली' मूवी को आरके दुग्गल प्रस्तुत कर रहे हैं और आरकेडी स्टूडियोज के बैनर तले रिवाज रमेश दुग्गल इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन पूजा अपर्णा कोल्लूरु ने किया है। फिल्म में अक्षय खन्ना और भूमि शेट्टी के अलावा श्रिया रेड्डी और रोहित सराफ भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ये फिल्म 8 जनवरी 2027 को थिएटर्स में दस्तक देगी।