Lucknow Road Cave In: पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा के आवास के सामने धंसी सड़क, 10 फीट गड्ढे में गिरी बाइक - Haribhoomi

Published on 2 सित॰ 2026

लखनऊ में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच लखनऊ यूनिवर्सिटी के पास पूर्व डिप्टी सीएम एवं राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा के आवास के सामने मुख्य सड़क अचानक धंस गई। सड़क के लगभग 10 से 12 फीट गहरे गड्ढे में तब्दील हो जाने से वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार वाहन समेत नीचे जा गिरा। पुलिस ने घायल युवक को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया और क्रेन की मदद से बाइक बाहर निकाली गई।

The road in front of former Deputy CM Dinesh Sharma's residence near Lucknow University caved in by

लखनऊ यूनिवर्सिटी के पास पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा के आवास के सामने 10 फीट धंसी सड़क (फाइल फोटो।)

  • Published: 02 Sep 2026, 01:39 PM IST
  • Last Updated: 02 Sep 2026, 01:39 PM IST

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मूसलाधार बारिश के चलते बुनियादी ढांचे की गंभीर खामी उजागर हुई है। लखनऊ यूनिवर्सिटी के सामने स्थित वीआईपी इलाके में पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा के आवास के ठीक सामने की मुख्य सड़क अचानक भरभराकर धंस गई। सड़क का बड़ा हिस्सा नीचे बैठने के कारण वहां लगभग 10 से 12 फीट गहरा और विशाल गड्ढा बन गया। इसी दौरान रास्ते से निकल रहा एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल सहित सीधे गड्ढे में जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

​10 से 12 फीट गहरे गड्ढे में समाई मोटरसाइकिल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश के चलते सड़क के नीचे की मिट्टी बह गई और सांसद दिनेश शर्मा के आवास के ठीक बगल में सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। गड्ढा इतना गहरा था कि वहां से गुजर रहे बाइक सवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह वाहन समेत गड्ढे में गिर गया। घटना होते ही मौके पर मौजूद लोगों और गश्त कर रही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल युवक को गड्ढे से बाहर निकाला और तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

#WATCH | Uttar Pradesh | A motorcyclist was injured after falling into a pit that developed as a result of the road cave-in near Lucknow's IT crossing, following continuous rain in the city. pic.twitter.com/MM53cTNE5i

— ANI (@ANI) September 2, 2026

क्रेन की मदद से बाहर निकाली गई बाइक, सड़क बंद

सड़क धंसने और हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग PWD के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बारिश का पानी तेजी से गड्ढे के भीतर जा रहा था, जिससे आसपास की सड़क के और धंसने का खतरा बढ़ गया था। नगर निगम के कर्मचारियों ने राहत कार्य शुरू किया और काफी प्रयासों के बाद एक बड़ी हाइड्रा क्रेन को मौके पर बुलाया गया। क्रेन के जरिए रस्सियों से बांधकर क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को 12 फीट गहरे गड्ढे से सुरक्षित बाहर निकाला गया। किसी अन्य अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने एहतियातन इस मार्ग पर बैरिकेडिंग कर यातायात को पूरी तरह से बंद कर दिया है।

​प्रशासनिक तैयारियों और सड़क निर्माण पर उठे सवाल

राजधानी के सबसे प्रमुख और वीआईपी क्षेत्रों में शुमार लखनऊ यूनिवर्सिटी मार्ग पर इस प्रकार बीच सड़क का अचानक धंस जाना प्रशासनिक दावों और सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिस सड़क पर रोजाना हजारों छात्र, राहगीर और वीआईपी आवागमन करते हैं, वहां जलनिकासी और सीवरेज लाइन की अनदेखी के चलते यह खतरनाक स्थिति बनी। फिलहाल पुलिस और नगर निगम की टीमें गड्ढे में मिट्टी और मलबा भरकर मार्ग को दुरुस्त करने के कार्य में युद्ध स्तर पर जुटी हुई हैं।