पाकिस्तान ने बंद किए ईरान के दो बॉर्डर रूट... LPG सप्लाई पर बढ़ा संकट!

Published on 18 अक्टू॰ 2026

पाकिस्तान ने ईरान के साथ कारोबार करने वाले दो अहम बॉर्डर रूट पर व्यापार अस्थायी रूप से रोक दिया है. इनमें गब्द-रिमदान और तफ्तान बॉर्डर क्रॉसिंग शामिल हैं. पाकिस्तान ने सुरक्षा चिंताओं और तस्करी रोकने को इस फैसले की वजह बताया है. इसका असर LPG की सप्लाई पर भी पड़ सकता है, क्योंकि ईरान से आने वाली गैस पाकिस्तान के लिए अहम है.

यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब इन रास्तों से LPG, चावल, ताजे फल समेत जरूरी सामान की आवाजाही होती है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीमा के दोनों ओर सैकड़ों मालवाहक गाड़ियां फंसी हुई हैं. हालांकि, व्यापार बंद होने की वजह को लेकर पाकिस्तान और ईरान के बयानों में अंतर है.

पाकिस्तान ने क्यों बंद किए दो बॉर्डर रूट?

सम्बंधित ख़बरें

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बलोचिस्तान के मुख्यमंत्री के मीडिया मामलों के सलाहकार शाहिद रिंद ने बताया कि पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्रालय ने शुक्रवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की थी. इसके बाद गब्द-रिमदान और तफ्तान बॉर्डर क्रॉसिंग पर व्यापार रोक दिया गया. इस कदम का मकसद सीमा पर सुरक्षा बेहतर करना, तस्करी पर रोक लगाना और दोनों तरफ की प्रशासनिक समस्याओं को दूर करना है. शाहिद रिंद का कहना है कि दोनों देशों के अधिकारी इन मुद्दों को सुलझाने के लिए बातचीत कर रहे हैं. उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही व्यापार फिर से शुरू हो सकता है.

व्यापार बंद होने की वजह पर ईरान का अलग बयान

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने भी बॉर्डर पर लगी रोक को अस्थायी बताया है. हालांकि, उन्होंने इसकी वजह सुरक्षा और तस्करी के बजाय तकनीकी समस्याओं को बताया. ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, दोनों देश सामान्य कारोबार बहाल करने के लिए बातचीत कर रहे हैं.

पाकिस्तान और ईरान के बीच करीब 909 किलोमीटर लंबी सीमा है. यहां तफ्तान-मिरजावेह, गब्द-रिमदान, मंड और चडगी समेत चार आधिकारिक बॉर्डर क्रॉसिंग हैं. पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्रालय की अधिसूचना में गब्द-रिमदान और तफ्तान बॉर्डर पर व्यापार रोकने की बात कही गई है. 

LPG की सप्लाई पर क्यों पड़ सकता है असर?

पाकिस्तान के लिए गब्द-रिमदान बॉर्डर रूट ऊर्जा की सप्लाई के लिहाज से अहम है. डॉन अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, इस रास्ते से हर दिन 4,000 टन से ज्यादा LPG आयात की जाती है. ऐसे में व्यापार लंबे समय तक बंद रहने पर पाकिस्तान में गैस की उपलब्धता घट सकती है. इससे खुले बाजार में LPG की कीमतें बढ़ने का खतरा भी है.
तफ्तान बॉर्डर पर बलोचिस्तान में अशांति के चलते पहले भी रुकावटें आई हैं. अब गब्द-रिमदान से व्यावसायिक सप्लाई रुकने पर परेशानी बढ़ सकती है.

सैकड़ों मालवाहक गाड़ियां फंसीं

रिपोर्ट के मुताबिक, सीमा के दोनों ओर LPG, चावल, ताजे फल और दूसरे जरूरी सामान से लदे सैकड़ों मालवाहक वाहन फंसे हुए हैं. इससे कारोबारियों को नुकसान हो सकता है और सामान की सप्लाई में देरी हो सकती है. हालांकि, ईरान की समाचार एजेंसी WANA के मुताबिक, रिमदान-गब्द क्रॉसिंग से यात्रियों की आवाजाही जारी है. फिलहाल रोक व्यापारिक गतिविधियों पर है. दोनों देशों के बीच बातचीत के बाद ही साफ होगा कि व्यापार कब सामान्य होगा.

---- समाप्त ----