भारतीय जीवन बीमा निगम यानी LIC बच्चे, बूढ़े या फिर महिलाएं हर वर्ग के लिए तमाम बीमा पॉलिसी पेश करती है. इसके साथ ही महिलाओं के लिए एलआईसी एक खास स्कीम भी चलाती है, जो काम के साथ कमाई का मौका देती है. एलआईसी की ये योजना खासतौर पर महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए संचालित की जा रही है, इससे जुड़कर महिलाएं कम से कम 7000 रुपये महीना कमा सकती हैं. इस सरकारी योजना का नाम एलआईसी बीमा सखी (LIC Bima Sakhi) है.
बीमा एजेंट बन रहीं महिलाएं
LIC Bima Sakhi स्कीम महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में अहम रोल निभा रही है और इसमें मिलने वाले बेनेफिट्स इसे खासा पॉपुलर बना रहे हैं. इससे सरकारी स्कीम से जुड़ने वाली महिलाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. एलआईसी बीमा सखी योजना के जरिए ग्रामीण महिलाओं को बीमा एजेंट बनने, कमाई करने और गांवों में बीमा जागरूकता बढ़ाने का मौका दिया जा रहा है.
10वीं पास भी कर सकते हैं अप्लाई
एलआईसी की बीमा सखी योजना के तहत 18 से 70 साल की आयु तक की वे महिलाएं अप्लाई कर सकती हैं, जिन्होंने कम से कम 10वीं पास की हो. इस योजना की खास बात ये है कि इसमें शामिल होने वाली महिलाओं को पॉलिसी बिक्री से आने वाले कमीशन के अलावा शुरुआती बीमा दिग्गज की ओर से तीन सालों के लिए एक तय स्टाइपेंड भी दिया जाता है.
सम्बंधित ख़बरें
स्कीम में ऐसे होती है कमाई
एलआईसी बीमा सखी योजना से जुड़ने वाली महिलाओं को सरकार की ओर से जो स्टाइपेंड निर्धारित है, उसके बारे में बात करें, तो पहले साल महिलाओं को मंथली 7,000 रुपये दिए जाते हैं, जबकि दूसरे साल ये हर महीने 6,000 रुपये दिए जाने का प्रावधान है. वहीं योजना से जुड़ने के तीसरे साल इस स्टाइपेंड को 5,000 रुपये मंथली कर दिया जाता है.
ट्रेनिंग भी देती है LIC
LIC की ओर से महिला बीमा एजेंटों को ट्रेनिंग भी दी जाती है. इसमें जुड़ने वालीं महिलाओं को पहले तीन सालों के लिए स्टाइपेंड के साथ ही खास ट्रेनिंग मिलती है. 3 साल का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद, वे एक एलआईसी एजेंट के रूप में काम कर सकती हैं. इसमें शर्त है कि पहले साल के दौरान खोली गईं कम से कम 65 प्रतिशत पॉलिसियां चालू रहनी चाहिए.
सरकारी स्कीम में ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को इसमें प्राथमिकता दी जाती है. इस योजना में मौजूदा एलआईसी एजेंट और कर्मचारियों के रिश्तेदारों को अयोग्य माना जाएगा. यहां बता दें कि सेल टारगेट हासिल करने या उससे आगे निकलने वाली महिलाओं को अतिरिक्त कमीशन भी दिए जाते हैं.
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
LIC Bima Sakhi के लिए आवेदन ऑनलाइन जमा कर किए जा सकते हैं. इससे जुड़ी रजिस्ट्रेशन डिटेल और आवेदन पत्र आधिकारिक एलआईसी वेबसाइट पर उपलब्ध है. जहां पर जाकर आप मांगे गए तमाम डॉक्यूमेंट को अपलोड करके फॉर्म सब्मिट कर अप्लाई कर सकती हैं. जरूरी डॉक्युमेंट्स की बात करें, तो आयु प्रमाण पत्र, एड्रेस प्रूफ, एजुकेशन प्रूफ की जरूरत होती है.
---- समाप्त ----
ये भी देखें
