Ladli Behna Yojana: 1.25 करोड़ बहनों के खाते में आए ₹1835 करोड़, CM ने किया बड़ा ऐलान

Published on 13 सित॰ 2026

Ladli Behna Yojana 40th Installment: मध्य प्रदेश में लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी हो गई। CM मोहन यादव ने 1.25 करोड़ से ज्यादा महिलाओं के खातों में ₹1835 करोड़ ट्रांसफर किए।

मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए 13 सितंबर का दिन फिर सौगात लेकर आया। आगर मालवा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी की। सरकार के मुताबिक, 1.25 करोड़ से ज्यादा पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल ₹1,835 करोड़ ट्रांसफर किए गए। इसी कार्यक्रम में आगर मालवा के लिए विकास परियोजनाओं का भी ऐलान हुआ।

40वीं किस्त में खातों में पहुंचे ₹1835 करोड़

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार हर महीने बहनों के खातों में बिना परेशानी राशि पहुंचाने का काम कर रही है। उनके मुताबिक, अब तक योजना के तहत करीब ₹55 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि महिलाओं के खातों तक पहुंचाई जा चुकी है। सरकार का दावा है कि इस आर्थिक सहायता का इस्तेमाल महिलाएं परिवार की जरूरतों के साथ-साथ छोटे काम-धंधे शुरू करने में भी कर रही हैं।

यह भी पढ़ें: BRICS Summit खत्म, PM मोदी ने कही ऐसी बात… अब चीन के सामने बड़ी जिम्मेदारी

आगर मालवा को ₹226 करोड़ के विकास कार्य

लाड़ली बहना योजना की किस्त के साथ आगर मालवा को भी बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री ने ₹226 करोड़ की लागत वाली 33 विकास परियोजनाओं का ऐलान किया। इसके अलावा करीब ₹28 करोड़ की लागत से तैयार 17 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में सड़क, धार्मिक पर्यटन और दूसरी आधारभूत सुविधाओं को लेकर सरकार की योजनाएं गिनाईं।

‘लाभ पाने वाली नहीं, लाभ कमाने वाली बनें बहनें’

सीएम मोहन यादव ने महिला सशक्तिकरण को केवल सरकारी सहायता तक सीमित रखने के बजाय महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि करीब 4 लाख महिलाएं लघु उद्योगों की इकाइयां स्थापित कर रही हैं और स्वयं सहायता समूहों के जरिए आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने नमो दीदी, ड्रोन दीदी और लखपति दीदी जैसे कार्यक्रमों का भी जिक्र किया। सरकार का जोर महिलाओं को परिवार की अर्थव्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए सक्षम बनाने पर है।

17 सितंबर से एक और बड़ा अभियान

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को लेकर भी जनता से अपील की। उन्होंने गांवों में पट्टाधारकों की रजिस्ट्री कराने की योजना का जिक्र किया। उनके मुताबिक करीब 50 लाख लोगों से जुड़ी इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर घर-घर दीप जलाने की अपील भी की।

किसान, युवा, महिला और गरीब पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है और किसान, महिला, युवा तथा गरीब—इन चार वर्गों के कल्याण पर फोकस किया जा रहा है। उन्होंने पशुपालन, मुर्गी और बकरी पालन जैसे विकल्पों से किसानों की आय बढ़ाने, नई सड़कों और परिवहन सुविधाओं को विस्तार देने की बात कही। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और आगर मालवा क्षेत्र में नए उद्योगों की संभावनाओं का भी उल्लेख किया।

यह भी पढ़ें: अब ऐसे नहीं मिलेगा Pollution Certificate! रेखा गुप्ता सरकार ने PUC सेंटरों पर कसा शिकंजा