Kunickaa Sadanand पर टूटा दुखों का पहाड़, एक्ट्रेस की मां की हुई मौत, सोशल मीडिया पर लिखा ऐसा मैसेज

Published on 7 अक्टू॰ 2026

Time Updated: Wednesday, October 7, 2026, 10:22 [IST]

Kunickaa Sadanand Mother Death: बॉलीवुड एक्ट्रेस और 'बिग बॉस' फेम कुनिका सदानंद पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। खबर है कि एक्ट्रेस कुनिका सदानंद की मां कल्याणी सदानंद का निधन हो गया है। उन्होंने 83 साल की उम्र में गोवा में आखिरी सांस ली। मां के निधन से कुनिका सदानंद बेहद दुखी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी मां की पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए भावुक अंदाज में उन्हें याद किया और श्रद्धांजलि दी।

कुनिका सदानंद की मां का निधन
कुनिका सदानंद ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर मां कल्याणी सदानंद की एक पुरानी तस्वीर पोस्ट की है। तस्वीर के साथ उन्होंने अपनी मां के लिए एक लंबा और इमोशनल मैसेज भी लिखा है, जिसमें उन्होंने बताया है कि उनकी मां ने उन्हें जिंदगी में बहुत कुछ दिया और हर मुश्किल का सामना करने की ताकत भी दी है।

Kunickaa Sadanand Mother

'मां आपने मुझे जिंदगी का सामना करना सिखाया'

-कुनिका सदानंद ने अपनी पोस्ट में मां को याद करते हुए लिखा है कि वह उनसे बेहद प्यार करती हैं और उन्होंने उन्हें जो कुछ भी दिया, उसके लिए वह हमेशा उनकी आभारी रहेंगी। एक्ट्रेस ने मां से मिले प्यार, सही दिशा, सपने देखने की आजादी और दुनिया का सामना करने का साहस जैसी चीजों का जिक्र किया।

-उन्होंने ये भी कहा कि उनकी मां ने उन्हें जिंदगी की परेशानियों से लड़ने और मुश्किल परिस्थितियों में मजबूती से खड़े रहने की हिम्मत दी है। कुनिका का ये इमोशनल मैसेज बताता है कि अपनी मां के साथ उनका रिश्ता कितना गहरा था।

'आपके साथ बिताई यादें हमेशा रहेंगी'

-कुनिका सदानंद ने अपनी मां को 'एम्प्रेस' कहकर संबोधित किया। उन्होंने लिखा कि कल्याणी सदानंद उन तमाम लोगों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगी, जिनकी जिंदगी को उन्होंने किसी न किसी तरह प्रभावित किया।

-एक्ट्रेस ने अपनी मां के व्यक्तित्व को याद करते हुए बताया कि परिवार और दोस्त उन्हें एक मिलनसार, खुशमिजाज और हंसमुख महिला के रूप में याद करेंगे। उनके मुताबिक उनकी मां के पास हमेशा लोगों के साथ बांटने के लिए कोई अच्छी या मजेदार बात होती थी।

-मां के लिए इमोशनल पोस्ट में कुनिका ने ये भी लिखा कि उन्हें यकीन है कि अब उनकी मां अपने भाई-बहनों और अपने उन करीबियों से मिलकर खुश होंगी, जो उनसे पहले इस दुनिया से जा चुके हैं। उन्होंने अपनी मां की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की।

'हर रिश्ते को पूरी शिद्दत से निभाया'

कुनिका सदानंद ने अपनी मां को याद करते हुए उनके जीवन के अलग-अलग रिश्तों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कल्याणी सदानंद ने पत्नी, मां, बहन और दादी समेत जिंदगी से जुड़े हर रिश्ते को प्यार, समर्पण और देखभाल के साथ निभाया। मां के निधन के बाद कुनिका और उनका परिवार गहरे सदमे में है। जानकारी के मुताबिक कल्याणी सदानंद का अंतिम संस्कार गोवा में किया जाएगा जबकि परिवार से जुड़ी बाकी रस्में मुंबई में पूरी होंगी।

फिल्मों और टीवी शोज में नजर आ चुकी हैं कुनिका सदानंद

-कुनिका सदानंद लंबे समय से मनोरंजन जगत का हिस्सा रही हैं। उन्होंने बड़े पर्दे के साथ-साथ टेलीविजन पर भी कई यादगार किरदार निभाए हैं। अपने करियर में उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदारों के जरिए दर्शकों के बीच पहचान बनाई। फिल्मों की बात करें तो कुनिका 'खलनायक', 'मुझे कुछ कहना है', 'फैशन', 'गोलमाल रिटर्न्स' और 'मेरे ब्रदर की दुल्हन' जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।

-वहीं टीवी की दुनिया में भी उन्होंने कई पॉपुलर सीरियल्स में काम किया है। 'कहानी घर घर की', 'कुसुम', 'कुमकुम', 'बिदाई' और 'कभी आए ना जुदाई' जैसे शोज में उनके अभिनय को दर्शकों ने देखा है। इसके अलावा वह रियलिटी शो 'बिग बॉस 19' का भी हिस्सा रह चुकी हैं।

-फिलहाल कुनिका सदानंद अपनी मां को खोने के गम से गुजर रही हैं। सोशल मीडिया पर शेयर किया गया उनका इमोशनल मैसेज इस मुश्किल वक्त में मां के प्रति उनके प्यार और उनके साथ जुड़ी गहरी यादों को बयां कर रहा है।