Kaun Banega Crorepati: KBC का पहला करोड़पति, 25 साल पहले जीता 1 करोड़, पैसों से किया था ये काम

Published on 18 अग॰ 2026

Kaun Banega Crorepati: अमिताभ बच्चन का क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ सालों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है. अब इसका 18वां सीजन शुरु हुआ है. जिसमें सवाल और पैसे दोनों बढ़ गए हैं. लेकिन इस आर्टिकल में हम आपको ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के पहले 1 करोड़ रुपये जीतने वाले हर्षवर्धन नवाथे के बारे में बताने जा रहे हैं. हर्षवर्धन ने 1 करोड़ जीत कर घर-घर में अपनी पहचान बना ली थी. लेकिन इस क्विज शो ने उनकी पहचान से कहीं ज्यादा उनकी जिंदगी बदल दी. अपनी ऐतिहासिक जीत के कई साल बाद हर्षवर्धन ने द टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ बातचीत में बताया कि कैसे उनकी मां ने उन्हें शो के लिए ऑडिशन देने के लिए प्रेरित किया, कैसे इनाम की रकम ने उन्हें विदेश में पढ़ाई करने की आजादी दी और कैसे अमिताभ बच्चन ने उनके जीतने के पल को और भी खास बना दिया था.

जब हर्षवर्धन नवाथे ने कौन बनेगा करोड़पति में 1 करोड़ रुपये जीते, तब वह सिविल सर्विसेज की परीक्षा की तैयारी कर रहे थे. इस जीत ने उनका फ्यूचर प्लान बदल दिया और उन्हें ऐसे ऑप्शन तलाशने की आर्थिक आजादी दी, जिनके बारे में शायद वह पहले नहीं सोच सकते थे. चलिए जान लेते हैं कि हर्षवर्धन ने जीती हुई रकम के साथ क्या किया और अब वो क्या कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: रामायण ScreenX और 4DX के 1300 सिनेमाघरों में रिलीज होगी, स्क्रीनएक्स पर चलने वाली पहली इंडियन फिल्म

1 करोड़ जीतने के बाद हर्षवर्धन ने क्या किया था?

हर्षवर्धन ने कहा, इसने मुझे एक प्लेटफॉर्म दिया, क्योंकि उस समय मैं एक छात्र था और सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहा था. मेरी जिंदगी अचानक पूरी तरह बदल गई. मैं सिविल सर्विसेज की तैयारी जारी नहीं रख सका, क्योंकि मेरा इंटरेस्ट खत्म हो गया था. कुछ पीआर कॉन्टैक्ट्स की वजह से मुझे मुंबई में रहना पड़ा. उस समय मैं कई चीजों में शामिल था.

उन्होंने बताया कि इस पैसे ने उन्हें अपने करियर को लेकर जोखिम उठाने की आजादी दी. हर्षवर्धन ने कहा, मैं कहूंगा कि KBC ने मुझे जो प्लेटफॉर्म दिया, वह एक सुरक्षा जाल की तरह था और उसके बाद मैं जिंदगी में प्रयोग कर सकता था. मैं यूके गया और मुझे बहुत बड़ा लोन लेने की जरूरत नहीं पड़ी. मैंने MBA किया. फिर मैं वापस आया और अपना प्रोफेशनल करियर शुरू किया. यह एक सुरक्षा जाल था, जिसने मुझे जिंदगी में थोड़ा ज्यादा प्रयोग करने की आजादी दी, जितना शायद मैं इसके बिना नहीं कर पाता. मेरी जिंदगी में यही सबसे बड़ा बदलाव आया.

1 करोड़ जीतने के बाद अमिताभ बच्चन का खास अंदाज

हर्षवर्धन ने 1 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब देने के तुरंत बाद अमिताभ बच्चन से जुड़े एक खास पल को भी याद किया. उन्होंने बताया कि सही जवाब देने के बाद कैमरे बंद हो गए थे और शो में विज्ञापन का ब्रेक चला गया था, लेकिन उन्हें पहले ही पता था कि उन्होंने 1 करोड़ रुपये जीत लिए हैं.

उन्होंने कहा, मुझे यह पल बहुत अच्छी तरह याद है और मैं इसे पहली बार शेयर कर रहा हूं. जब मैंने 1 करोड़ रुपये के सवाल का जवाब दिया, तो मिस्टर बच्चन ने विज्ञापन ब्रेक की घोषणा करते हुए कहा, अब हम लेते हैं छोटा सा ब्रेक. इसके बाद हम ऑफ एयर हो गए. असली शूटिंग के दौरान ये ब्रेक आमतौर पर बहुत छोटे होते हैं, करीब 30 सेकंड के, जिसके बाद कैमरे दोबारा चलने लगते हैं. उस समय तक मुझे पता चल चुका था कि मैंने आखिरी सवाल का सही जवाब दे दिया है.

कहकशा परवीन

कहकशा परवीन

टीवी 9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर काम कर रहीं कहकशा परवीन को मीडिया इंडस्ट्री में 6 साल का अनुभव है. इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है और इलेक्ट्रोनिक मीडिया एंड टीवी प्रोडक्शन में डिप्लोमा किया है. कहकशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद नवोदया टाइम्स में मनोरंजन सेक्शन में कंटेंट लिखना और सेलिब्रेटिजी के इंटरव्यू लेती रही हैं. एबीपी नेटवर्क में भी कहकशा बतौर सब एडिटर मनोरंज की खबरें लिखती रही हैं. इन्हें ट्रैवल, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में लिखने और पढ़ने का शौक है.

Read More

google button