
नवोदय विद्यालय में आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ी,Image Credit source: Instagram/jawahar__navodaya__vidyalaya
जवाहर नवोदय विद्यालय समिति (NVS) ने कक्षा 6 में एकेडमिक ईयर 2027-28 के एडमिशन के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को बड़ी राहत दी है. अब आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 7 अगस्त 2026 कर दी गई है. ऐसे छात्र जो किसी वजह से अब तक आवेदन नहीं कर सके थे, वो अब इस अतिरिक्त समय का लाभ उठा सकते हैं. नवोदय विद्यालयों में छात्रों को क्वालिटी और पूरी तरह निशुल्क आवासीय शिक्षा दी जाती है. इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. एडमिशन जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) के आधार पर होगा.
इच्छुक छात्र navodaya.gov.in या cbseitms.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. देशभर के नवोदय विद्यालयों में प्रवेश जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) के माध्यम से दिया जाएगा. यह एंट्रेंस एग्जाम 28 नवंबर 2026 को आयोजित होगा, जबकि इसका रिजल्ट मार्च या अप्रैल 2027 में जारी किए जाने की संभावना है. जिन छात्रों का चयन होगा, उन्हें अपने जिले के नवोदय विद्यालय में एडमिशन मिलेगा. इन विद्यालयों में पढ़ाई, आवास और अन्य कई सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं.
जानें एलिजिबिलिटी
कक्षा 6 में एडमिशन के लिए छात्र का कक्षा 3, 4 और 5 किसी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त या मान्यता प्राप्त स्कूल से पढ़ना और पास होना जरूरी है. प्रत्येक छात्र को JNVST देने का केवल एक अवसर मिलता है. नवोदय विद्यालयों में 75 प्रतिशत सीटें ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के लिए आरक्षित हैं, जबकि शेष 25 प्रतिशत सीटों पर ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के छात्रों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाता है.
परीक्षा का पैटर्न
एंट्रेंस एग्जाम की अवधि 2 घंटे होगी. परीक्षा सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएगी. प्रश्नपत्र में तीन सेक्शन होंगे, जिनमें कुल 80 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे. परीक्षा 100 अंकों की होगी.
आवेदन की प्रक्रिया
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद आवेदन फॉर्म भरकर जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करने होंगे. इनमें छात्र की फोटो, छात्र और अभिभावक के सिग्नेचर, आधार कार्ड की जानकारी तथा प्रधानाचार्य द्वारा वेरिफाइड प्रमाणपत्र शामिल हैं. सभी दस्तावेज निर्धारित JPG फॉर्मेट और तय साइज में अपलोड करना अनिवार्य होगा. आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद उम्मीदवार भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख सकते हैं.

सपना यादव
दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को लक्ष्य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.
Read More