Jharkhand Student Protest: खुद जाकर छात्रों के प्रतिनिधि से मिलिए- राहुल गांधी ने हेमंत सोरेन को लिखा पत्र

Published on 17 अग॰ 2026

देश

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Aug 17, 2026, 12:06 PM IST

Jharkhand Student Protest: झारखंड में जारी छात्रों के आंदोलन पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर छात्रों से बातचीत करने का आग्रह किया है।

Image

राहुल गांधी ने हेमंत सोरेन को लिखी चिट्ठी (फोटो- Congress)

Jharkhand Student Protest: झारखंड में जारी छात्रों के आंदोलन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। इस पत्र में राहुल गांधी ने हेमंत सोरेन से कहा है कि उन्हें खुद छात्रों के प्रतिनिधि से बात करनी चाहिए और उनकी मांगों को जानना चाहिए। राहुल गांधी झारखंड के छात्रों के आंदोलन पर पहले भी हेमंत सरकार की कार्रवाई की आलोचना कर चुके हैं। हालांकि कांग्रेस खुद इस सरकार में साझेदार है।

छात्र आंदोलन को राहुल गांधी का समर्थन

राहुल गांधी ने हेमंत सोरेन को चिट्ठी लिखते हुए कहा, " कांग्रेस पार्टी का मानना है कि भारत के संविधान में निहित शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार हमारे लोकतंत्र के स्तंभों में से एक है। बीते कुछ महीनों से शिक्षा व्यवस्था में हो रही पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के खिलाफ छात्र जो प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें हमारा पूरा समर्थन प्राप्त है। हमारा यह भी मानना है कि आरएसएस और भाजपा ने भारतीय शिक्षा प्रणाली पर कब्जा कर लिया है और उसे छात्रों के शोषण और दमन का एक हथियार बना दिया है। यह स्थिति अब उस मजबूत और विश्वसनीय व्यवस्था से कहीं दूर जा चुकी है, जो दशक भर पहले थी।"

मांगे मानने के लिए झारखंड सरकार की तारीफ

राहुल गांधी ने आगे लिखा, "जैसा कि आपको ज्ञात है, झारखंड के छात्र भी राज्य स्तरीय भर्ती परीक्षाओं में हो रही अनियमितताओं के खिलाफ शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांगें उचित हैं और मैं सराहना करता हूं कि झारखंड सरकार ने आपके द्वारा गठित समिति के माध्यम से छात्रों से संवाद की पहल शुरू की है। मुझे विश्वास है कि छात्रों द्वारा उठाई गई कई मांगों पर सहमति बन सकती है। हालांकि, प्रदर्शन जारी हैं और कुछ छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर भी हैं।"

राहुल गांधी की अपील

राहुल गांधी ने झारखंड सीएम से अपील करते हुए कहा, "मैं सुझाव देता हूं कि आप व्यक्तिगत रूप से प्रदर्शनकारी छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से मिलें। इससे उनकी चिंताओं को दूर करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता और भी मजबूत होगी। भारत का युवा ही हमारा भविष्य है। इस संकट के समय में हम उनके साथ एकजुटता और समर्थन प्रकट करते हैं। कृपया उनसे मिलने का कष्ट करें और इस मुद्दे के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएं।"

Shishupal Kumar

शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • India

End of Article