बागी तेवर दिखाने वाले विधायक अनंत सिंह पर एक्शन, JDU ने रद्द की सदस्यता, 6 साल के लिए पत्नी संग पार्टी से बाहर

Published on 24 अक्टू॰ 2026

बागी तेवर दिखाने वाले विधायक अनंत सिंह पर एक्शन, JDU ने रद्द की सदस्यता, 6 साल के लिए पत्नी संग पार्टी से बाहर

अनंत सिंहImage Credit source: PTI (फाइल फोटो)

बिहार MLC चुनाव में जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार को समर्थन देने के मामले में जेडीयू ने अपने विधायक अनंत सिंह पर बड़ी कार्रवाई की है. पार्टी ने मोकामा विधायक अनंत सिंह को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है और उनकी प्राथमिक सदस्यता को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है. जेडीयू ने कहा कि वो विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार से यह सिफारिश भी करेगी कि अनंत सिंह को MLA के तौर पर अयोग्य घोषित किया जाए.

दरअसल, जेडीयू ने अनंत सिंह को पार्टी से बाहर करने के पीछे कई कारण बताए हैं, जिनमें पार्टी के निर्देशों का बार-बार उल्लंघन करना, शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अनुचित और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना और हाल ही में संपन्न हुए विधान परिषद चुनावों में JD(U) उम्मीदवार के खिलाफ किसी दूसरी पार्टी के प्रत्याशी के लिए प्रचार करना शामिल है.

अनंत सिंह के अलावा उनकी पत्नी नीलम देवी की भी सदस्यता रद्द की गई है. जनता दल (यूनाइटेड) ने इस संबंध में जो आदेश जारी किया है, उसमें लिखा है कि दलविरोधी गलिविधियों में शामिल होने की वजह से नीलम देवी की भी प्राथमिक सदस्यता को रद्द किया जाता है और उन्हें भी पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है.

Jdu Expelled Anant Singh

दरअसल, अनंत सिंह और उनकी पत्नी पर यह कार्रवाई 23 अक्टूबर को बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए हुए मतदान के एक दिन बाद की गई है. उन्होंने इस चुनाव में अपनी ही पार्टी के खिलाफ बागी तेवर अपनाए थे और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह को समर्थन दिया था.

मतदान के दिन भी दिखा अनंत सिंह का बागी तेवर

बीते शुक्रवार को मतदान के दिन अपने समर्थक छोटू सिंह की गिरफ्तारी पर अनंत सिंह ने जेडीयू और पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार पर निशाना साधा था. उन्होंने कहा था, ‘वो सरकार हैं और उन्होंने अत्याचार किया है. मैं उनका नेता था, फिर भी मेरी ओर से नीरज को एक बार भी कुछ नहीं कहा गया. उन्होंने चार बार चुनाव लड़ा और हमने चारों बार उनका विरोध किया. हमने बीच-बीच में ललन सिंह का भी विरोध किया, लेकिन पार्टी ने तब भी कुछ नहीं कहा’.

ये भी पढ़ें: दिल्ली की मंशा ठीक नहीं लग रही… फारूक अब्दुल्ला के बयान पर हंगामा, BJP बोली- माफी मांगें पूर्व CM

सोनू शर्मा

सोनू शर्मा

TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. यहां न्यूज डेस्क पर काम करते हैं. इससे पहले ट्रेंडिंग टीम में थे. न्यूज चैनल और डिजिटल मीडिया में 10 साल से अधिक का अनुभव है. पश्चिम बंगाल राज्य के कोलकाता स्थित NSHM कॉलेज से जर्नलिज्म की पढ़ाई की है. उसके बाद IBN7 (अब न्यूज18 इंडिया) में इंटर्नशिप की. फिर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर सुदर्शन न्यूज चैनल से जुड़े. यहां स्पोर्ट्स टीम के साथ काम किया. फिर बिहार के पटना स्थित आर्यन न्यूज (बतौर प्रोड्यूसर), दिल्ली स्थित नेड्रिक न्यूज (बतौर सब एडिटर) और अमर उजाला जैसे संस्थानों में काम किया. अमर उजाला डिजिटल में बतौर सब एडिटर नेशनल और इंटरनेशनल बीट के साथ-साथ ट्रेंडिंग, ऑड, स्पोर्ट्स, लाइफस्टाइल और हेल्थ बीट पर काम किया. यहां शिफ्ट हेड की भूमिका भी निभाई. उसके बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े. ट्रेंडिंग के साथ-साथ ऑड न्यूज, हेल्‍थ, साइंस और रिसर्च में बेहतरीन पकड़ है. किताबें पढ़ने का शौक है.

Read More

google button