अनंत सिंह को JDU ने पार्टी से 6 साल के लिए निकाला, विधानसभा सदस्यता रद्द करने की भी सिफारिश

Published on 24 अक्टू॰ 2026

JDU Action On Anant Singh: बिहार की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है. जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने मोकामा विधायक अनंत सिंह को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है. पार्टी ने उनकी प्राथमिक सदस्यता भी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है. इसके साथ ही बिहार विधानसभा अध्यक्ष से संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की सिफारिश की गई है. पार्टी ने पूर्व विधायक नीलम देवी को भी छह साल के लिए निष्कासित किया है.

MLC चुनाव में पार्टी लाइन से अलग चलना पड़ा भारी

अनंत सिंह हाल ही में हुए बिहार विधान परिषद चुनाव में अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ खड़े नजर आए थे. उन्होंने पार्टी लाइन से अलग जाकर जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया था. अनंत सिंह ने उनके पक्ष में प्रचार भी किया था. इस दौरान नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच बयानबाजी भी तेज हुई थी.

नीरज कुमार ने संकेत दिया था कि पार्टी विरोध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है. अब जेडीयू ने अनंत सिंह को निष्कासित करने का फैसला लिया है.

जेडीयू ने आदेश में क्या कहा?

जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से जारी कार्यालय आदेश में अनंत सिंह पर पार्टी के निर्देशों की लगातार अवहेलना करने का आरोप लगाया गया है. आदेश के मुताबिक, उन्होंने शीर्ष नेतृत्व के लिए अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया. साथ ही, विधान परिषद चुनाव में पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ काम किया और दूसरे दल के उम्मीदवार का प्रचार किया.

इन्हीं कारणों का हवाला देते हुए पार्टी ने उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द कर छह साल के लिए निष्कासित करने का फैसला लिया है.

जदयू ने जारी किया लेटर
जदयू ने जारी किया लेटर

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

विधानसभा सदस्यता रद्द करने की भी सिफारिश

जेडीयू ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष से अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की सिफारिश की है. इसके लिए संविधान की दसवीं अनुसूची का उल्लेख किया गया है. यह अनुसूची दल-बदल से जुड़े मामलों से संबंधित है.

हालांकि, पार्टी की सिफारिश और विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के बीच अंतर है. सदस्यता पर अंतिम फैसला संबंधित संवैधानिक प्रक्रिया के तहत लिया जाएगा.

नीलम देवी भी छह साल के लिए निष्कासित

पार्टी ने पूर्व विधायक नीलम देवी की प्राथमिक सदस्यता भी रद्द कर दी है. आदेश में उन पर दल-विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने का आरोप लगाया गया है. इसी आधार पर उन्हें भी छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है.

Also Read: क्या अनंत सिंह पर होगी कार्रवाई? नीरज कुमार बोले- पार्टी इनकी तबीयत खराब करने वाली है