Jamui Encounter Case: जमुई छात्रा छेड़खानी मामले में पुलिस मुठभेड़; मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में लगी गोली - Haribhoomi

Published on 22 सित॰ 2026

Jamui Molestation Case: जमुई छात्रा छेड़खानी मामले में पुलिस मुठभेड़; मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में लगी गोली

बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़खानी और अभद्रता के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नंदन यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जमुई-लखीसराय सीमा के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

jamui molestation case encounter

मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

  • Published: 22 Sep 2026, 01:10 PM IST
  • Last Updated: 22 Sep 2026, 01:12 PM IST

बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़खानी और अभद्र व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। इस संवेदनशील मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी सरकार के खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।

जनभावनाओं और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान चलाया, जिसके तहत जमुई-लखीसराय सीमा पर हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया।  

​जमुई-लखीसराय सीमा पर हुई पुलिस और आरोपियों की मुठभेड़ 
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को जब पुलिस टीम अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी करने पहुंची, तो जमुई-लखीसराय सीमा स्थित कुंदर के पास आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम को देखकर आरोपियों की ओर से अचानक गोलीबारी की गई, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी नंदन यादव के बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज हेतु जमुई सदर अस्पताल पहुंचाया गया।  

​जिलाधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर ली घटनाक्रम की जानकारी 
​मुठभेड़ और मुख्य आरोपी के घायल होने की खबर मिलते ही जमुई के जिलाधिकारी नवीन कुमार तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायल आरोपी के स्वास्थ्य का जायजा लिया और उपस्थित पुलिस अधिकारियों से पूरी घटना व आगे की कानूनी कार्रवाई के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट ली। वहीं, पुलिस कार्रवाई के दौरान एक अन्य व्यक्ति हरेराम यादव को भी गोली लगने की चर्चा सामने आ रही है, हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।  

​वीडियो वायरल होने के बाद गरमाया था राजनीतिक माहौल 
​सोमवार को नाबालिग छात्रा से अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिला था। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) समेत विपक्षी दलों ने बिहार सरकार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस घटना पर कड़ा संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की थी।  

​अब तक तीन गिरफ्तार, अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी 
वीडियो सामने आते ही हरकत में आई पुलिस ने सोमवार को ही त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया था। मुख्य आरोपी के हाफ एनकाउंटर के बाद अब पुलिस पूरे घटनाक्रम, मुठभेड़ की परिस्थितियों और वायरल वीडियो से जुड़े सभी तकनीकी पहलुओं की गहन जांच में जुटी है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।