Aug 29, 2026 03:40 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

मुख्य बातें
- अन्नू प्रोजेक्ट्स लिमिटेड को कुल मिलाकर 2.93 गुना बोलियां मिलीं
- ग्रे मार्केट के रेस्पॉन्स ने निवेशकों की टेंशन बढ़ गई होगी

जीएमपी से लगेगा झटका
Annu Projects IPO: अगले सप्ताह अन्नू प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के आईपीओ की लिस्टिंग होने वाली है। लिस्टिंग-डे पर आईपीओ का कैसा रेस्पॉन्स रहेगा, इसके बारे में हर दांव लगाने वाले निवेशक जानना चाहते हैं। सवाल है कि ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी जीएमपी से क्या संकेत मिल रहे हैं। आइए डिटेल में जान लेते हैं।
बंपर सब्सक्रिप्शन
शुक्रवार को बोली के आखिरी दिन अन्नू प्रोजेक्ट्स लिमिटेड को कुल मिलाकर 2.93 गुना बोलियां मिलीं। एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी के 175 करोड़ रुपये के आईपीओ में 1,76,83,000 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 5,18,44,491 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 3.55 गुना सब्सक्रिप्शन मिला जबकि खुदरा हिस्से को 2.68 गुना बोली मिली। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी को 1.72 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।
प्राइस बैंड
अन्नू प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने अपने आईपीओ के लिए 94-99 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। ग्रे मार्केट प्रीमियम की बात करें तो किसी भी प्लेटफॉर्म से पॉजिटिव खबर नहीं है। कहीं फ्लैट लिस्टिंग के संकेत हैं तो कुछ जगह निगेटिव लिस्टिंग की आशंका है। मतलब ये कि लिस्टिंग-डे पर आईपीओ निराश भी कर सकता है। आईपीओ में सिर्फ 1,76,83,000 इक्विटी शेयरों का फ्रेश इश्यू शामिल है।
अन्नू प्रोजेक्ट्स लिमिटेड आईपीओ से मिलने वाली रकम में से 115 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, 15 करोड़ रुपये मशीनरी या उपकरण खरीदने जैसे पूंजीगत व्यय के लिए और बाकी रकम सामान्य निगमित कामों के लिए करने की योजना बना रही है। कंपनी के शेयरों को 2 सितंबर को बीएसई और एनएसई में सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है। मेफकॉम कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड को अन्नू प्रोजेक्ट्स IPO का लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है। KFin Technologies Private Ltd को बुक बिल्ड इश्यू का आधिकारिक रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।
कंपनी के बारे में
अन्नू प्रोजेक्ट्स लिमिटेड को पहले अन्नू इंफ्रा कंस्ट्रक्ट (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के नाम से जाना जाता था। इस कंपनी की स्थापना 2003 में हुई थी। यह एक इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) कंपनी है जो जरूरी ओवरहेड और अंडरग्राउंड यूटिलिटी इंफ्रास्ट्रक्चर के डिजाइन, डेवलपमेंट, इम्प्लीमेंटेशन, ऑपरेशन और मेंटेनेंस का काम करती है। यह कंपनी तीन मुख्य क्षेत्रों — टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर, सीवरेज इंफ्रास्ट्रक्चर और गैस पाइपलाइन में काम करती है। कंपनी के FY26 के रेवेन्यू में इन तीनों सेगमेंट का योगदान क्रमशः 41.5%, 52.7% और 4% रहा। मार्च 2026 को खत्म हुए फाइनेंशियल ईयर के लिए, कंपनी ने 241.2 करोड़ रुपये का स्टैंडअलोन रेवेन्यू और 33 करोड़ रुपये का प्रॉफिट दर्ज किया।